{"_id":"42a9dfddd557a5a4edb699dca63e37ef","slug":"congress-bathinda-rally-captain-amrinder-singh-ready-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"बठिंडा में आज होगी कैप्टन अमरिंदर की अग्नि परीक्षा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बठिंडा में आज होगी कैप्टन अमरिंदर की अग्नि परीक्षा
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़।
Updated Tue, 15 Dec 2015 09:42 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के नव-नियुक्त प्रदेश कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह की अग्नि परीक्षा आज होगी। कैप्टन मंगलवार को बठिंडा में बड़ी रैली करने जा रहे हैं। इसी रैली में कैप्टन की ताजपोशी होगी। यह रैली कैप्टन के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गई है। रैली को कामयाब बनाने के लिए महाराजा की पूरी फौज लग गई है।
विज्ञापन
कुछ दिन पहले डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने बठिंडा में पहली सद्भावना रैली के दौरान कैप्टन को इसी जगह इससे बड़ी रैली करने की चुनौती दी थी। इसे स्वीकार करते हुए कैप्टन ने 15 दिसंबर को बठिंडा में शिअद से बड़ी रैली करने का एलान किया था। अब कांग्रेस अकाली दल से बड़ी रैली करने की तैयारी में जुट गई है।
विज्ञापन
अकाली दल से बड़ा पंडाल और स्टेज बनाया जाएगा। अकाली दल ने रैली के लिए 250 गुणा 850 वर्ग फीट का टेंट लगाया था। तो कांग्रेस का पंडाल इससे लगभग दोगुना 300 गुणा 1400 वर्ग फीट का होगा। अकाली दल से बड़ा स्टेज बनाया जाएगा। स्टेज 225 गुणा 40 वर्ग फीट का होगा। इस पर पांच सौ से ज्यादा नेता बैठेंगे।
विज्ञापन
स्टेज और पंडाल, दोनों में ही कुर्सियां नहीं लगाई जाएंगी, नेता और वर्कर जमीन पर ही बैठेंगे। अकाली दल की समानांतर रैली पटियाला में होने के कारण कांग्रेस को शुरू से बसों की समस्या आ रही थी। पार्टी ने हरियाणा और राजस्थान से बसों का इंतजाम किया है। अब बाकी लोगों को मिनी बस, ट्रैक्टर-ट्रॉली और सूमो आदि से लाया जाएगा।
कांग्रेसियों का दावा है कि बड़ी संख्या में लोगों ने अपने वाहनों से आने को कहा है।
बठिंडा के ही कुछ लोगों ने खुद ही रैली के समय चाय के लंगर का इंतजाम किया है। दूर-दराज के वर्कर सोमवार को ही बठिंडा पहुंचना शुरू हो गए, जोकि गुरुद्वारों में ठहरे थे। इस रैली के लिए कैप्टन गुट ने पूरी ताकत झोंक दी है। हालांकि, कांग्रेस का कहना है कि लोग खुद ही रैली में शामिल होने को बेताब हैं। कैप्टन के खास विधायकों के अलावा यूथ कांग्रेस की पूरी टीम ने आसपास के जिलों में जाकर लोगों को रैली के लिए लामबंद किया है।
कांग्रेसियों का दावा है कि यह शिअद से कहीं बड़ी रैली होगी। कैप्टन को सुखबीर की चुनौती का जवाब तो देना ही है। साथ ही पार्टी के अंदर अपने विरोधियों का भी मुंह बंद करवाना है। हाईकमान को दिखाना है कि उन्हें प्रधान बनाने का फैसला सही था, क्योंकि उनके साथ ही ज्यादा लोग हैं। इसके साथ ही मंगलवार को कैप्टन की बठिंडा रैली और शिअद की पटियाला रैली के बीच भी तुलना होगी। कैप्टन गुट को इसका अंदाजा भी है।
कांग्रेस देगी एकजुटता का संदेश
बठिंडा रैली के दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह की प्रदेश प्रधान के रूप में ताजपोशी होगी। कैप्टन सुखबीर को जवाब देंगे। वहीं, इस रैली में रणनीतिक तौर पर पार्टी एकजुटता का संदेश देगी। पार्टी महसूस कर रही है कि अकाली दल से लोग नाराज हैं, लेकिन उन्हें लगता है कि कांग्रेस बिखरी हुई है। ऐसे में वे आम आदमी पार्टी की तरफ जा सकते हैं।
पिछले दिनों राहुल गांधी के पंजाब दौरे के समय भी लोगों ने यह सवाल उठाया था, इसलिए पार्टी बठिंडा रैली में एकजुटता का संदेश देगी। रैली में प्रदेश कांग्रेस के सभी नेता शामिल होंगे। इनमें पूर्व प्रधान प्रताप बाजवा, अंबिका सोनी, रजिंदर कौर भट्ठल, लाल सिंह, जगमीत बराड़, रवनीत बिट्टू शामिल हैं।
हाईकमान की ओर से पंजाब प्रभारी शकील अहमद और सह-प्रभारी हरीश चौधरी आएंगे। इसके अलावा पार्टी के सभी विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, पूर्व प्रधान रैली में आएंगे।