पंजाब में 21 जनवरी से पूरी तरह खुल जाएंगे कॉलेज व विश्वविद्यालय, दिव्यांगों को मिलेगी ये छूट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब सरकार ने सभी सरकारी और निजी कॉलेज व विश्वविद्यालयों को 21 जनवरी से पूरी तरह खोलने का फैसला किया है। इस संबंध में सोमवार को उच्च शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी और गैर-सरकारी विश्वविद्यालयों को पत्र जारी कर दिया है। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि शिक्षण संस्थाओं में ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ाई करवाई जाएगी।
सेमेस्टर और सालाना परीक्षाएं ऑफलाइन माध्यम से ही होंगी। इसके साथ ही दिव्यांग विद्यार्थियों को अपनी इच्छानुसार क्लास लगाने की छूट होगी और उन पर क्लास में आने के लिए किसी प्रकार का दबाव नहीं बनाया जाएगा।
विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में कोविड-19 के निर्देशों का पालन करते हुए हॉस्टल खोले जाएंगे। हॉस्टल का कमरा प्रति विद्यार्थी या कमरे के आकार के अनुसार अपेक्षित दूरी को ध्यान में रखते हुए अलॉट किया जाएगा। अलॉटमेंट के समय अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। शिक्षण संस्थाओं में मेस और कैंटीन स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों के मद्देजनर सभी सावधानियां के साथ खोले जाएंगे।
पंजाब में कोरोना से सात की मौत, 140 नए मामले
सोमवार को पंजाब में कोरोना संक्रमण से सात लोगों की जान चली गई। इसके साथ ही सूबे में वायरस से मरने वालों की संख्या 5509 पहुंच गई है। वहीं, 140 नए मामले भी सामने आए हैं। राज्य में अब तक 170729 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक पंजाब में संदिग्ध मामलों की संख्या 4249101 पहुंच गई है। पॉजिटिव मरीजों की संख्या 170729 दर्ज की गई है। 162762 लोग ठीक हो चुके हैं। सांस लेने में परेशानी होने पर 57 संक्रमित मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। 11 लोगों की हालत गंभीर होने पर वेंटिलेटर पर रखा गया है।
युवाओं को मिलेगा रोजगार, 15 से प्लेसमेंट सेल की शुरुआत
पंजाब के युवाओं को जल्द रोजगार मिलेगा। 15 फरवरी से विदेशी स्टडी और प्लेसमेंट सेल की शुरुआत होगी। इस सेल की स्थापना विदेश में पढ़ाई और नौकरी के लिए जाने के इच्छुक नौजवानों को धोखाधड़ी से बचाने के लिए राज्य सरकार की तरफ से ‘पंजाब घर-घर रोजगार और कारोबार मिशन’ अधीन की गई है।
इसकी शुरुआत मोहाली से पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर की जाएगी। इस सेल में नौजवानों को काउंसलिंग के बाद स्टडी वीजा और वर्क वीजा लेने के लिए सरकार की तरफ से मुफ्त सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। इस मकसद के लिए जरूरी कार्रवाई पूरी कर ली गई है और भारत सरकार से मंजूरी भी मिल गई है।
अब इसके अगले पड़ाव के अंतर्गत विदेशी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के साथ पंजाबी नौजवानों को स्टडी वीजा की सहायता के लिए बातचीत चल रही है। यह सेल अधिक से अधिक पंजाबी नौजवानों को उनकी योग्यता और रुचि के आधार पर स्टडी वीजा और वर्क वीजा सेवाएं मुहैया करवाने के लिए काफी मददगार साबित होगा।