लगातार बारिश और शीतलहर से पंजाब में बढ़ी ठंड, लुधियाना में बरसात ने तोड़ा 49 साल का रिकॉर्ड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते सोमवार शाम से पंजाब में लगातार बारिश हो रही है। लुधियाना के मौसम विशेषज्ञ डॉ. प्रभजोत कौर सिद्धू के अनुसार मंगलवार दोपहर 2.30 बजे तक लुधियाना में 64.8 एमएम बरसात दर्ज हो चुकी है। 1970 के बाद यह पहली बार हुआ है कि एक जनवरी से लेकर 22 जनवरी तक के समय में इतनी ज्यादा बरसात हुई हो।
इससे बीते 49 साल का रिकॉर्ड टूटा है। 24 जनवरी तक जोरदार बरसात होने की संभावना है। इसकेअलावा पठानकोट में 48 घंटे में 89.7 एमएम बारिश दर्ज की गई। पठानकोट में तीन जगह तो ट्रांसफार्मर तक खराब हो गए। सोमवार सुबह से शुरू हुई बरसात मंगलवार भी पूरा दिन जारी रही। इस दौरान 24 घंटे बिजली बंद रहने से पूरे शहर में ब्लैक आउट की स्थिति बनी रही।
कृषि विशेषज्ञ डॉ. अमरीक सिंह ने बताया कि गेहूं के लिए यह बारिश अच्छी है। हालांकि मिर्च, शिमला मिर्च, बैंगन और खीरा की फसल को बारिश से काफी नुकसान हो रहा है। मटर के बाद भिंडी, खीरा, तरबूज, खरबूजे और घीया के साथ-साथ मक्की की बिजाई पिछड़ेगी। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे बारिश जारी रहेगी, तेज हवाओं के साथ ओले पड़ने की संभावना बन रही है।
पटियाला में रुक-रुककर हो रही बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। माहिरो के मुताबिक अभी तक हुई बारिश गेहूं की फसलों के लिए फायदेमंद है। लेकिन अगर 2-3 दिन और बारिश हो गई तो फसलों को नुकसान हो सकता है। मौसम विभाग ने बुधवार को भी बारिश की भविष्यवाणी की है। बारिश के बाद मौसम साफ होने पर घनी धुंध दस्तक दे सकती है।
पटियाला के मुख्य खेतीबाड़ी अधिकारी अरविंदर सिंह ने बताया कि अब तक जो बारिश हुई, उससे तो गेहूं की फसलों को फायदा ही होगा। जिले में गेहूं का रकबा दो लाख 32 हजार हेक्टेयर है। हालांकि अगले दो-तीन दिन और बारिश हुई तो खेतों में जलभराव से गेहूं की फसल को नुकसान पहुंच सकता है।
बारिश में छत गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत, पोता जख्मी
फतेहगढ़ साहिब के अमलोह हलका के गांव भद्दलथूहा में सोमवार रात तेज बारिश में बिजली गिरने से एक गरीब परिवार की छत गिर गई। हादसे में बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। एक युवक जख्मी हो गया। मृतका की पहचान ईशर कौर (80) के तौर पर हुई है। छत गिरने से ईशर कौर के पोते मनप्रीत सिंह के सिर पर भी चोट आई। उसे तुरंत सिविल अस्पताल में दाखिल करवा गया।