मालेरकोटला में पवित्र कुरान की बेअदबी में फंसे दिल्ली के ‘आप’ विधायक, केस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में चुनाव नजदीक आते ही सियासत गर्म। दरअसल पवित्र कुरान की बेअदबी मामले में दिल्ली के आप विधायक पर केस दर्ज। पंजाब के मालेरकोटला(संगरूर) में 24 जून की रात को पवित्र कुरान की हुई बेअदबी के मामले में दिल्ली के आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश यादव की संलिप्तता के आरोपों ने पंजाब में ‘आप’ को बैकफुट पर लाकर खड़ा कर दिया है।
एक ओर जहां मालेरकोटला सिटी पुलिस ने पहले से दर्ज बेअदबी की एफआईआर में साजिश रचने के आरोप में दिल्ली के विधायक नरेश यादव को नामजद कर लिया है, वहीं सोशल मीडिया में मुस्लिम लोगों ने ‘आप’ नेताओं पर सवालों का तूफान खड़ा कर दिया है। इतना ही नहीं रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पंजाब कांग्रेस की उपाध्यक्ष और मालेरकोटला की पूर्व विधायक रजिया सुल्ताना ने पंजाब के समूह मुस्लिम समाज से अनुरोध किया है कि वे पवित्र कुरान की बेअदबी में साजिश रचने वाले ‘आप’ नेताओं का बहिष्कार करें।
उन्होंने कहा कि देश भर में रहने वाले मुस्लिम पवित्र कुरान की बेअदबी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे इसलिए जो भी मुस्लिम नेता आम आदमी पार्टी की मालेरकोटला में अगुवाई कर रहे हैं, वे स्पष्ट करें कि वे अब कुरान की पवित्रता को ठेस पहुंचाने वाली पार्टी के साथ हैं अथवा पवित्र कुरान के साथ।
गौरतलब है कि सोमवार को मालेरकोटला में मुस्लिम समुदाय के लोगों को रोजा इफ्तार पार्टी देने के लिए आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल पहुंच रहे हैं। उधर, पंजाब कांग्रेस और यूथ नेताओं गुलाम हुसैन, साकिब अली, मनोज उप्पल व फारूक अंसारी ने रविवार को ही घोषणा की है कि सोमवार को यहां इफ्तार पार्टी में शामिल होने आ रहे केजरीवाल को वे काले झंडे दिखाएंगे। वहीं पूर्व विधायक रजिया सुल्ताना ने इस इफ्तार पार्टी की आयोजन स्थल हिना हवेली के प्रबंधकों से अपील की है कि वे इस बुकिंग को रद्द कर दें।
सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर हाशिये पर ‘आप’
मालेरकोटला (संगरूर)। पवित्र कुरान की बेअदबी मामले में मुख्य साजिशकर्ता के रूप में आम आदमी पार्टी विधायक का नाम सामने आने के बाद सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर ‘आप’ हाशिये पर दिखाई दे रही है। बड़ी संख्या में मुस्लिम युवा ‘आप’ नेताओं से सवाल करके उनके लिए तूफान खड़ा किए हुए हैं। ऐसे में सोमवार को मालेरकोटला में रोजा इफ्तार पार्टी में शामिल होने पहुंच रहे अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
पूर्व डीजीपी ने सड़क पर उतरकर फूंका केजरीवाल का पुतला
डीएसपी रणधीर सिंह ने बताया कि मामले में पहले से दर्ज एफआईआर में साजिश रचने के तहत विधायक नरेश यादव को शामिल किया गया है। आगे की जांच और उनकी गिरफ्तारी के विषय में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।
कुरान शरीफ की पवित्रता को ठेस पहुंचाने के आरोप में मुख्य साजिशकर्ता के रूप में दिल्ली के आम आदमी पार्टी के महरौली से विधायक नरेश यादव का नाम सामने आने के बाद पंजाब की सियासत गर्मा गई है। रविवार को जहां एक ओर कांग्रेस पार्टी ने मुस्लिमों से अनुरोध करके ‘आप’ नेताओं के बहिष्कार करने की अपील की है वहीं अकाली दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व डीजीपी मोहम्मद इजहार आलम ने सैकड़ों लोगों के साथ सड़क पर उतर कर आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश यादव के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का पुतला फूंका।
सरहंदी गेट चौक पर आयोजित इस रोष प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा और महिलाओं ने भी शिरकत की। काले झंडे लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे अकाली नेता इजहार आलम ने आरोप लगाया कि उन्होंने पहले ही कहा था कि बेअदबी मामले में पकडे़ गए पेशेवर अपराधी हैं जो पैसे लेकर कुछ भी कर सकते हैं। यह सच अब सबसे सामने आ गया है कि गिरफ्तार आरोपी विजय कुमार की आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश यादव से सांठगांठ हुई थी। बार-बार उसकी फोन पर बातचीत हुई। इस दौरान अराफात खान, शफीक मोहम्मद आदि मौजूद थे।