150 की रफ्तार से दौड़ रही लैंड क्रूजर पोल से टकराई, खुली सनरूफ से उछलकर सड़क पर गिरी युवती, मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
150 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ रही लैंड क्रूजर के साइन बोर्ड के पोल से टकराने से मुजफ्फरनगर (यूपी) निवासी व्यापारी राघव गोयल की पत्नी सृष्टि गोयल की मौत हो गई जबकि राघव समेत पांच दोस्त घायल हो गए। हादसा सेक्टर-10/9 की डिवाइडिंग रोड पर मंगलवार देर रात दो बजे हुआ। ये सभी सृष्टि का 26वां जन्मदिन मनाने पंचकूला से चंडीगढ़ आए थे। पुलिस का कहना है कि कार की सनरूफ खुली हुई थी, जिससे सृष्टि बाहर गिरी और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, मुजफ्फरनगर के सिविल लाइंस निवासी राघव गोयल की छह महीने पहले ही सृष्टि गोयल से शादी हुई थी। राघव गोयल अपनी पत्नी सृष्टि व दोस्त मुदित गुप्ता व उसकी पत्नी आरू के साथ कुछ दिन पहले शिमला घूमने आए थे। सोमवार को ये सभी शिमला से लौटकर पंचकूला सेक्टर-21 निवासी दोस्त अभिषेक के घर पर ठहरे थे।
अभिषेक का पानीपत सेक्टर-12 निवासी दोस्त कुनाल भी अपनी लैंड क्रूजर (एचआर06एएम 0019) में आया हुआ था। राघव का मंगलवार को जन्मदिन था, इसलिए सभी दोस्त लैंड क्रूजर में चंडीगढ़ पहुंच गए। पार्टी सेक्टर-10 स्थित होटल माउंट व्यू में थी। पार्टी के बाद सभी कार से पंचकूला के लिए निकले। गाड़ी को कुनाल ही चला रहा था। माउंट व्यू से निकलने के बाद सभी गेड़ी रूट से होते हुए मटका चौक पहुंचे और वहां से पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की तरफ मुड़ गए।
मटका चौक से मुड़ते ही सेक्टर-10/9 की सड़क पर पहुंचे तो तेज रफ्तार कार डिवाइडर पर लगे सेक्टर के साइन बोर्ड के पोल से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि गाड़ी के सभी एयरबैग तक खुल गए और पलटकर दूर तक घिसटती चली गई। कार के टायर तक फट गए। सनरूफ खुली होने के कारण सृष्टि बाहर सड़क पर गिरी, जिसके कारण उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें लगीं।
सूचना पर सेक्टर-3 थाना प्रभारी जसपाल सिंह, एएसआई सतीश कुमार समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सृष्टि को पीजीआई पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया जबकि घायल राघव, मुदित, आरू, अभिषेक और कुनाल को जीएमसीएच 16 में ले जाया गया। वहां उनकी हालत खतरे से बाहर है।
मुजफ्फरनगर में चाय पत्ती का बिजनेस है राघव का
राघव गोयल का परिवार मुजफ्फरनगर में चाय पत्ती का बिजनेस करता है। पुलिस ने सृष्टि के शव को जीएमएसएच-16 की मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों के आने के बाद गुरुवार को पुलिस पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप देगी।
सनरूफ खुली न होती तो बच सकती थी सृष्टि
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की स्पीड बहुत ज्यादा थी। पलटने के बाद कार दूर तक घिसटती चली गई। तेज आवाज के साथ टायर फट गए। एयरबैग के कारण अंदर बैठे पांचों युवाओं की जान तो बच गई लेकिन सनरूफ खुली होने के कारण सृष्टि उछलकर सड़क पर जा गिरी। इसी कारण उसे गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हुई। यदि सनरूफ खुली नहीं होती तो सृष्टि की जान भी बच सकती थी।
लैंड क्रूजर का चालक कुनाल गिरफ्तार, मिली जमानत
हादसे के बाद सेक्टर-3 थाना पुलिस ने लैंड क्रूजर चालक कुनाल के खिलाफ आईपीसी 337, 279 और 304ए के तहत मामला दर्जकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जांच में सामने आया कि कुनाल जैन (26) पानीपत के सेक्टर-12 (हुड्डा) स्थित मकान नंबर-1078 में परिवार समेत रहता है। वह पिता के साथ दवाई का बिजनेस करता है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी कुनाल को जमानत पर छोड़ दिया है।
बीते 14 फरवरी को इसी तरह हुए हादसे में हुई थी जज की मौत
बीते 14 फरवरी को सेक्टर-16/23 डिवाइडिंग रोड पर इसी तरह इनोवा गाड़ी साइन बोर्ड के पोल से टकराने पर पठानकोट के जूडिशियल मजिस्ट्रेट साहिल सिंगला (30) की मौत हो गई थी जबकि उनके साथी वकील पाहुल प्रीत सिंह (32) गंभीर रूप से जख्मी हुए थे।
रफ्तार पर लगाम लगाकर बच सकते हैं हादसों से
अराइस सेफ के संस्थापक हरमन सिंह सिद्धू का कहना है कि चंडीगढ़ में लगातार तेजरफ्तार वाहनों के हादसे हो रहे हैं और लोगों की जान जा रही है। अगर लोग अपनी गाड़ियों की रफ्तार पर रोक लगा लें तो काफी हद तक सड़क हादसों को रोका जा सकता है। कुछ टिप्स हैं, जिन्हें अपनाकर आप अपनी यात्रा सुरक्षित कर सकते हैं।
- तय सीमा से ज्यादा तेज वाहन न दौड़ाएं।
- गाड़ी में सवार सभी लोग सीट बेल्ट जरूर बांधें।
- ड्राइव के दौरान मोबाइल साइलेंट मोड पर रखें।
- गाड़ी की छत खुली होने पर रफ्तार ज्यादा न करें।
- मोड़ पर हमेशा गाड़ी की स्पीड कम करें।
- शराब का सेवन कर ड्राइव से बचें।
- तेजरफ्तार में वाहनों को ओवरटेक करने से बचें।
- तेज आवाज में म्यूजिक बजाकर ड्राइव न करें।
- पीछे की सीट पर बैठने पर सीट बेल्ट जरूर बांधें।
- कोशिश करें कि गाड़ी रफ्तार 60 से ज्यादा न हो।
शहर में किस वर्ष कितनी मौतें
-
वर्ष मौत
-
2017 107
-
2018 98
-
2019 100
-
2020 13