स्टेट चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक, हुआ कुछ ऐसा कि खुशियों से पहले घर पहुंच गई मातम की खबर
स्टेट चैंपियनशिप में शुक्रवार को स्वर्ण पदक जीतकर बाइक पर मौसेरे भाई के साथ घर लौट रहा प्रगति नगर का बॉक्सर रास्ते में नहाने के लिए जेएलएन नहर में उतरा और डूब गया। उनके साथ अन्य दो बाइक पर चार दोस्त भी सोनीपत आ रहे थे। सभी लाठ-जौली गांव में नहर पर रुके थे। बॉक्सर के डूबने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू करवाई।
गांव जसराणा और मौजूदा सोनीपत के प्रगति नगर निवासी निखिल (19) सोनीपत के सत्यम स्कूल का छात्र था। निखिल शुक्रवार को जींद मार्ग पर स्थित श्री बालाजी स्पोर्ट्स अकादमी में चल रही तीन दिवसीय स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भाग लेने गया था। चैंपियनशिप में बॉक्सर निखिल ने फाइनल में शेखर को हराकर स्वर्ण पदक जीता।
इसके बाद शुक्रवार शाम मौसेरे भाई राहुल के साथ बाइक पर सोनीपत जा रहा था। साथ में दो अन्य बाइक पर चार युवक भी सोनीपत जा रहे थे। गांव लाठ जौली के पास जेएलएन नहर पर सभी नहाने के लिए रुक गए। निखिल को तैरना नहीं आता था, इसलिए किनारे पर नहाने लगा। उसका मौसेरा भाई और अन्य चार युवक गहरे पानी तक गए।
राहुल और अन्य चारों युवक नहाकर निकले तो उन्हें निखिल गायब मिला लेकिन उसके कपड़े नहर किनारे पड़े थे। उन्होंने अंदाजा लगाया कि नहर में तेज बहाव में निखिल बह गया और नहर में डूब गया। राहुल ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और दमकल टीम ने मौके पर पहुंच कर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन रात तक उसकी कोई सूचना नहीं मिली।
थाना सदर प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि बॉक्सर निखिल के पानी के तेज बहाव में बह जाने की सूचना मिली थी, इसके बाद दमकल कर्मियों की मदद से उसे खोजने का प्रयास किया जा रहा है।