ये मोदी सरकार नहीं, बोदी सरकार है: हुड्डा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जनता से झूठे वायदे करके मोदी सरकार में आए थे, लेकिन अभी तक एक भी वायदा पूरा नहीं कर पा रहे हैं। मैं तो इसे मोदी सरकार नहीं बल्कि बोदी सरकार कहूंगा।
कांग्रेस प्रत्याशी देवराज दीवान का नामांकन करवाने आए हुड्डा ने लोगों से अपील की कि सोनीपत की सभी छह सीट कांग्रेस प्रत्याशियों को जितवा दो तो मैं तीसरी बार फिर से आपका राज ला दूंगा। कांग्रेस के एमएलए चुनकर विधान सभा में भेजो ताकि एक मजबूत दीवार बने और आपकी सरकार चले।
हरियाणवी अंदाज में सीएम ने लोगों से कहा कि- मैं किसे के काबू का ना हूं, सिर्फ थारे काबू का ही हूं। भाजपा की केंद्र सरकार के बारे में सीएम ने कहा कि उन्होंने रेल किराया बढ़ा दिया, इससे कोयला महंगा होगा। कोयले से बिजली महंगी होगी और बिजली महंगी होने का मतलब किसान पर सीधा बोझ पड़ना है।
इस अवसर पर सोनीपत से प्रत्याशी देवराज दीवान, गोहाना से प्रत्याशी जगबीर मलिक, खरखौदा से प्रत्याशी जयवीर वाल्मीकि, राई से प्रत्याशी जयतीर्थ दहिया ने भी समर्थकों को संबोधित किया। हालांकि सीएम तय कार्य क्रम से दो घंटे लेट पहुंचे और प्रत्याशी समय को देखते हुए सीएम के आगमन से पहले ही अपने नामांकन भर चुके थे।
पहले था नामांकन भरवाने का कार्यक्रम
सोनीपत में पहले सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कांग्रेस प्रत्याशियों के नामांकन भरवाने का कार्यक्रम था। सोनीपत में सोनीपत प्रत्याशी देवराज दीवान के साथ गोहाना प्रत्याशी जगबीर मलिक, राई प्रत्याशी जयतीर्थ दहिया के नामांकन आज जमा होने थे। इसके लिए प्रशासन भी पूरी तरह से तैयार था।
सीएम को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 2 बजे तक सोनीपत पहुंचना था। यहां उन्होंने गोहाना, राई और सोनीपत विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशियों के नामांकन भरवाने थे, लेकिन रोहतक में अपना नामांकन और उससे पहले महम में जनसभा में लेट हो गए।
सीएम के आगमन में देरी को देखकर प्रत्याशियों ने नामांकन जमा करवा दिए ओर इसके बाद समर्थकों के साथ सीएम के आगमन का इंतजार करने लगे। सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा लघु सचिवालय के पास आयोजित सभा में 3 :55 बजे पहुंचे।
हुड्डा के लिए वाहन किए डायवर्ट
सीएम आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से चौकन्ना था। इसी कारण दोपहर में लगभग 3 बजे ही वाहनों को डायवर्ट कर दिया गया था। छोटूराम चौक से लघु सचिवालय की तरफ वाहनों को जाने नहीं दिया गया।
इसी तरह गोहाना रोड पर भी वाहन डायवर्ट किये गये थे। वहीं इससे पहले दोपहर के समय वाहनों की भारी संख्या के कारण शनि मंदिर रेलवे अंडर ब्रिज के नीचे जाम की स्थिति बनी रही।
बम स्क्वायड ने भी किया निरीक्षण
सीएम के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लघु सचिवालय में नामांकन भरने भी आना था। इसीलिये विस्फोट निरोधक दस्ता दोपहर लगभग 1 बजकर 50 मिनट पर सचिवालय में पहुंच गया था। इनके साथ डॉग स्क्वायड भी थी। दोनों ही दस्तों ने लघु सचिवालय और आसपास के क्षेत्र की पूरी तरह से जांच की।