गुरुग्राम को नई मेट्रो लाइन का तोहफा, डीपीआर मंजूर, 25 स्टेशन के साथ ये होंगी खास बातें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम के हुडा सिटी सेंटर से साइबर सिटी/रैपिड मेट्रो तक मेट्रो रेल कनेक्टिविटी की डीपीआर को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में यहां हुई गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की चौथी बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस मार्ग पर मेट्रो रेल कनेक्टिविटी से सड़कों पर यातायात का दबाव कम होने के साथ ही वाहन संचालन की लागत और यात्रियों के समय में काफी बचत होगी।
प्राधिकरण ने गुरुग्राम के लिए 160 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत के एक व्यापक ड्रेनेज प्लान को भी मंजूरी प्रदान की है। मेट्रो परियोजना को हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एचएमआरटीसी) लागू करेगा। यह भी निर्णय लिया गया है कि निरंतर संचालन के लिए मेट्रो कॉरिडोर और रैपिड मेट्रो के बीच ट्रैक इंटिग्रेशन पर विचार किया जाएगा।
नई रेल लाइन की खास बातें
. नई मेट्रो रेल लाइन की कुल लंबाई 31.11 किलोमीटर होगी
. इसमें 25 स्टेशन और छह इंटरचेंज स्टेशन होंगे।
. इस लाइन के निर्माण पर अनुमानित लागत 5126 करोड़ रुपये आएगी
. इसे वर्ष 2023 में चालू किए जाने की संभावना है।
नई लाइन पर ये मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित
नई लाइन पर जिन मेट्रो स्टेशनों का प्रस्ताव किया गया है, उनमें हुडा सिटी सेंटर, सेक्टर 45, साइबर पार्क, सेक्टर 46, सेक्टर 47, सेक्टर 48, टेक्नोलॉजी पार्क, उद्योग विहार फेज 6, सेक्टर 10, सेक्टर 37, बसई, सेक्टर 9, सेक्टर 7, सेक्टर 4, सेक्टर 5, अशोक विहार, सेक्टर 3, कृष्णा चौक, पालम विहार एक्स्टेंशन, पालम विहार, सेक्टर 23 ए, सेक्टर 22, उद्योग विहार फेज-4 और 5 व साइबर सिटी शामिल हैं।
बैठक में इन मुद्दों पर भी हुई चर्चा
-गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड ने राज्य परिवहन प्राधिकरण को पीक आवर्स के दौरान गुरुग्राम से फरीदाबाद तक सेवाएं शुरू करने को परमिट जारी करने के लिए लिखा।
- गुरुग्राम से दिल्ली (धौला कुआं और द्वारका) के लिए बस सेवा शुरू करने के लिए दो मार्गों की पहचान की गई है। इसके लिए 25 बसों की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बसों के लिए मार्गों को अंतिम रूप देते समय आम जनता से सुझाव लिए जाएं ताकि अधिकतम लोग बस सेवा का लाभ उठा सकें।
- मनोहर लाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अधिकतम जल की स्टोरेज को गुरुग्राम के लिए जीरो ड्रेन आउट सिस्टम तैयार करें। गुरुग्राम के लिए व्यापक ड्रेनेज योजना को चरणबद्ध तरीके से चलाया जाए। योजना में जल संचयन संरचनाएं, तालाब और क्रीक के चैनलाइजेशन और लेग-4 (वाटिका चौक, सोहना रोड पर रेलवे कल्वर्ट-61 तक) का निर्माण और एसपीआर से रेलवे कल्वर्ट 61 से रिचार्ज कुओं का निर्माण शामिल होगा। इस पर अगले दो वर्षों में 160 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। जिले में चिह्नित जल निकायों के जीर्णोद्धार में तेजी आई है। जल निकायों को स्टोर्म वाटर ड्रेनेज के साथ जोड़ा जा रहा है।
- गुरुग्राम में 100 वर्ग मीटर से अधिक छत वाले सभी आवासीय भवनों में वर्षा जल संचयन प्रणाली होगी। यह सुनिश्चित करने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं कि भवनों में स्थापित जल संचयन प्रणाली को क्रियाशील बनाया जाए। जिन लोगों ने अभी तक वर्षा जल संचयन प्रणाली स्थापित नहीं की है, उन्हें ऐसी व्यवस्था करने के लिए कहा गया है, जिसके लिए नगर निगम ने दरें भी तय कर दी हैं।
- जीएमडीए और हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (एचएसएएमबी) ने फूल मण्डी के निर्माण को विशेष प्रयोजन वाहन (एसपीवी) को पट्टे पर देने के लिए सेक्टर 52-ए, गुरुग्राम में 8 एकड़ भूमि के आवंटन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।