फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Akali leader Bikram Majithia appeared before Special Investigation Team after getting interim bail 

एसआईटी के सामने मजीठिया की पेशी: 85 सवालों की सूची देख अफसरों पर भड़क गए थे अकाली नेता, फिर कहा-तुम्हारी भी मजबूरी है 

Thu, 13 Jan 2022 10:13 AM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मोहाली/चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मोहाली/चंडीगढ़ Published by: निवेदिता वर्मा Updated Thu, 13 Jan 2022 10:13 AM IST
सार

बिक्रम मजीठिया ने आरोप लगाया कि उन पर केस दर्ज करने के लिए रणनीति बनी है। केस दर्ज करवाने के लिए कई बैठकें हुईं। बैठकों की सीसीटीवी फुटेज से लेकर उक्त विधायक व मंत्रियों के मोबाइल फोन की लोकेशन समेत अन्य चीजों को भी रिकॉर्ड में लाया जाए।

विज्ञापन
Akali leader Bikram Majithia appeared before Special Investigation Team after getting interim bail 
मोहाली में एसआईटी के सामने पेश हुए बिक्रम मजीठिया। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

ड्रग तस्करी से जुडे़ मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद शिरोमणि अकाली दल के सीनियर नेता एवं विधायक बिक्रम मजीठिया विशेष जांच टीम (एसआईटी) के सामने पेश हुए। करीब ढाई घंटे तक चली पूछताछ में उनसे 85 सवाल पूछे गए। सूत्रों के अनुसार, सवालों की सूची देख मजीठिया भड़क उठे। बाद में अफसरों से बोले-तुम्हारी भी मजबूरी है क्या करोगे। पूछताछ के बाद बाहर निकले मजीठिया ने मीडिया से कहा कि उन पर दर्ज किया गया मामला झूठा व राजनीति से प्रेरित है। 

विज्ञापन


बिक्रम सिंह मजीठिया ठीक सुबह 11 बजे अपने वकीलों के साथ मोहाली के फेज-चार स्थित राज्य अपराध शाखा पहुंचे। उनसे डेढ़ बजे तक पूछताछ की गई। बाहर आकर वह पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश पर वह जांच में शामिल हुए हैं। उन पर दर्ज किया गया मामला राजनीति से प्रेरित है। एफआईआर डीजीपी सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय के आदेश पर हुई। वह 20 दिन डीजीपी रहे। इससे पहले नवजोत सिद्धू ने बयान दिया था कि चट्टोपाध्याय को उन्होंने लगाया और एडवोकेट जनरल को बदलवाया। मैंने एसआईटी से प्रार्थना की है कि पंजाब कांग्रेस प्रधान सिद्धू, सीएम चरणजीत चन्नी और गृह मंत्री सुखजिंदर रंधावा के बयान पर भी एसआईटी विचार करे। हालांकि जिस मामले में उन पर केस दर्ज किया गया है, वह साल 2019 में खत्म हो चुका है। इस मामले में दोषियों को सजा तक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जब तक केस चला, तब तक उनका कभी कोई नाम नहीं आया। जानबूझकर उन्हें फंसाया गया। 
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि उन पर केस दर्ज करने के लिए रणनीति बनी है। केस दर्ज करवाने के लिए कई बैठकें हुईं। बैठकों की सीसीटीवी फुटेज से लेकर उक्त विधायक व मंत्रियों के मोबाइल फोन की लोकेशन समेत अन्य चीजों को भी रिकॉर्ड में लाया जाए। मजीठिया ने पूर्व डीजीपी सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय पर आरोप लगाया कि जो व्यक्ति प्रधानमंत्री की  सुरक्षा से खिलवाड़ कर सकता है, तो उसके लिए तो वह बहुत ही छोटी सी चीज है। अब उन्हें दोबारा 18 जनवरी को बुलाया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

ऐसे अधिकारी के बयान शामिल हुए, जो खुद चार्जशीट

मजीठिया ने कहा कि इस मामले में ईडी की तरफ से अलग से जांच की गई थी। हालांकि ईडी के जिस अधिकारी के बयान उन पर दर्ज की गई एफआईआर में शामिल किए गए हैं, वह खुद भ्रष्टाचार के मामले में चार्जशीट हो चुका है। इसके अलावा उन्होंने कई अन्य जानकारियां बताई हैं। उन्होंने एसआईटी से मांग की है कि सारी जांच सामने लाई जाए। 

एसआईटी से लाइव लोकेशन करेंगे शेयर

मजीठिया ने बताया कि उनकी तरफ से एसआईटी को अपना मोबाइल नंबर मुहैया करवा दिया गया है। इसके साथ वह अपनी लाइव लोकेशन पुलिस से साझा करेंगे। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट ने उन्हें जो आदेश दिए थे, वह उसका पालन कर रहे है।

लेन देन से जुड़े सवालों के जवाब पहले ही दे चुका

एसआईटी के 85 सवालों की सूची में 15 से 16 सवाल लेनदेन को लेकर थे। इन सवालों के जवाब में मजीठिया ने कहा कि यह सब मैं सबूत के साथ पहली जांचों के दौरान दे चुका हूं, लेकिन फिर भी मैं इनके उत्तर दूंगा। इस दौरान प्रवर्तन विभाग के भी कुछ अधिकारी मौजूद रहे।

पूछताछ की हुई वीडियोग्राफी

2.5 घंटे हुई पूछताछ की वीडियोग्राफी भी कराई गई। मजीठिया की ओर से भी अधिकारियों के साथ फोटो ली गई। मजीठिया ने अधिकारियों को आश्वासन दिया कि वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे। यदि उन्हें कुछ सवालों के लिखित जवाब भी देने होंगे तो वह जरूर देंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed