पंजाब में अकाली-भाजपा गठबंधन टूटना तय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा चुनाव के साथ शिअद और भाजपा के रिश्तों में शुरू हुई तल्खी अब टूट के कगार पर पहुंच गई है। पंजाब भाजपा के नए प्रभारी प्रो. राम शंकर कठेरिया ने जिलों, सेल और मोर्चों की बैठक में साफ शब्दों में कहा कि शिअद सरकार से भाजपा कभी भी अलग हो सकती है।
उन्होंने यहां तक कह दिया कि हो सकता है कि वह यहां से जाएं और पीछे से संदेश आ जाए। कठेरिया के इस ऐलान के साथ ही वर्कर जोश में आ गए और भाजपा कार्यालय नारों से गूंज उठा।
कठेरिया ने मंगलवार को कोर ग्रुप, प्रदेश पदाधिकारियों और विधायकों के साथ बैठक की थी। इसमें सभी ने सरकार से अलग होने की मांग उठाई थी।
117 सीटों पर लड़ने की तैयारी करें
पंजाब भाजपा के नए प्रभारी प्रो. राम शंकर कठेरिया ने जिला प्रधानों, सेल कनवीनर और मोर्चा प्रधानों केसाथ बैठक कर फीडबैक ली। कठेरिया ने वर्करों से पूछा कि वे क्या चाहते हैं। सभी ने एक सुर में कहा कि पार्टी गठबंधन तोड़ कर 117 सीटों पर लड़े। कठेरिया ने वर्करों से कहा कि वे सभी 117 सीटों पर लड़ने की तैयारी करें।
उन्होंने यहां तक कह दिया कि पंजाब में सरकार नहीं चल रही, यहां लोकतंत्र की हत्या हो चुकी है। वर्कर सभी सीटों पर लड़ने की तैयारी में जुटें और, 31 मार्च 2015 तक 21 लाख सदस्य बनाएं। कठेरिया ने कहा कि वह खुद भाजपा के सभी 33 जिलों में प्रवास करेंगे, सभी 117 हलकों में जाएंगे। संगठन को सरकार की चिंता नहीं करनी चाहिए, उस पर हाईकमान कभी भी फैसला ले सकता है। संगठन सिर्फ पार्टी को मजबूत करे। करीब पांच घंटे चली मीटिंग में कठेरिया वर्करों को काफी मोटिवेट कर गए।
हरियाणा जैसी परिस्थिति रही तो अकेले लड़ेंगे : कठेरिया
पंजाब भाजपा के प्रभारी प्रो. राम शंकर कठेरिया ने बैठक से पहले प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि भाजपा गठबंधन धर्म निभा रही है और निभाती रहेगी। लेकिन अगर पंजाब में भी हरियाणा जैसी परिस्थिति बनी तो पार्टी अकेले लड़ेगी। वह गठबंधन के सवाल टालते रहे। उन्होंने कहा कि यह नहीं कहूंगा कि पार्टी एकला चलो की नीति पर है, पर 2017 की तैयारी जरूर कहूंगा।
अगर दोनों पार्टियों में कोई मतभेद है तो ठीक करेंगे। साथ ही यह भी कहा कि बातचीत भी एक सीमा तक होगी। भाजपा की सुनवाई न होने केसवाल पर उन्होंने कहा कि गठबंधन में यह जरूरी नहीं कि दोनों दल एक-दूसरे की सारी बातें मानें पर सीटों के मुद्दे पर भाजपा अपनी बात रखेगी।
सीएलपी लीडर सुनील जाखड़ द्वारा भाजपा पर लगाए ग्रांट रोकने के आरोप को उन्होंने गलत बताया। कठेरिया ने कहा कि यूपीए ने सभी राज्यों के जेन्यूरम प्रोजेक्ट पास किए पर किसी को फंड नहीं मिले। एनडीए ने सभी प्रोजेक्ट की समीक्षा की, अब दूसरे चरण की ग्रांट दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्करों को बूथ स्तर पर अच्छे लोग जोड़ने को कहा गया है। जिस वर्ग, क्षेत्र व समाज में भाजपा नहीं है, वहां पार्टी की पैठ बनाई जाए।