कई शहरों में शिअद-भाजपा का धरना, सरकार पर लगाए शराब, बीज और राशन घोटाले के आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब सरकार के खिलाफ गुरुवार को शिअद-भाजपा नेताओं ने मोर्चा खोलते हुए डीसी दफ्तर के बाहर धरना दिया। दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी (आप) नेताओं ने बिजली बिल के खिलाफ डीसी दफ्तर पहुंचे। इस दौरान सभी पार्टी नेताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और डीसी को ज्ञापन सौंपा। विरोध प्रदर्शन के दौरान नेता सोशल डिस्टेंसिंग की सरेआम धज्जियां उड़ाते दिखे।
जिला भाजपा की तरफ से राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में लॉकडाउन के दौरान हुए राशन घपले की जांच करने की मांग की गई। भाजपा नेताओं का कहना है कि कर्फ्यू शुरू होते ही गरीब लोगों को राशन देने का काम पहले समाजसेवी संस्थाओं ने शुरू किया। कांग्रेस सरकार ने पहले दो हफ्ते राशन की थैलियों पर अपनी फोटो छपवाने में निकाल दिए। इसके अलावा नेताओें ने कहा कि इंडस्ट्री के तीन माह के फिक्स चार्ज माफ किए जाएं। गन्ना बकाया तुरंत जारी किए जाए। नकली बीज घपले की सीबीआई जांच की जाए और पंजाब सरकार डीजल और पेट्रोल पर लगाए वैट को तुरंत वापस ले।
यह भी पढ़ें- शहीद को मां और बेटी ने दिया कंधा, पत्नी से कहा था- सेना का नमक चुका सकूं तो मैं भाग्यशाली
अकाली दल ने लाखों लोगों के नीले कॉर्ड खत्म करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया है। शिअद नेताओं का कहना है कि इस स्कीम से लोगों को भारी फायदा हो रहा था लेकिन कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद लाखों लोगों के नाम काट दिए हैं। इस मामले को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। पंजाब सरकार ने कहा था कि वह सभी के नाम बहाल करेगी। अभी तक ऐसा कुछ नहीं हुआ।
बिजली बिलों को लेकर आप का प्रदर्शन
डीसी दफ्तर पहुंचे आप नेताओं ने भी सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। विधायक सर्वजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार ने पांच रुपये में बिजली देने का वादा किया था। अब बंद पड़ी फैक्ट्री को फिक्स चार्ज के नाम पर बड़े बिल भेजे जा रहे हैं। छोटे कारोबारियों के भी यही हाल हैं। उन्हें भी बंद पड़ी दुकानों के बिजली बिल भेजे गए हैं। पंजाब सरकार ने कारोबारियों के लिए 350 करोड़ रुपये का पैकेज जारी करने का एलान किया था। अब उससे भी पीछे हटते दिखाई दे रहे है। उनकी पार्टी किसी हालत में ऐसा नहीं होने देगी। कोरोना संक्रमण खत्म होने के बाद चंडीगढ़ में एक बार फिर सबसे बड़ा प्रदर्शन होगा।
अमृतसर में भी शिअद-भाजपा नेताओं ने किया प्रदर्शन
अमृतसर में शिअद-भाजपा नेताओं ने डीसी शिवदुलार सिंह के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। दोनों दलों के नेताओं ने लगभग दो घंटे तक डीसी दफ्तर के बाहर जमीन पर बैठकर प्रदर्शन करने के बाद डीसी शिवदुलार सिंह को ज्ञापन सौंपा। इन नेताओं की मांग है कि पंजाब सरकार कोरोना वायरस के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को भेजे गए राशन को बांटने में असमर्थ रही।
यह भी पढ़ें- नम आंखों से शहीद मनदीप सिंह को अंतिम विदाई, मां-पत्नी और बच्चों ने दी जांबाज को सलामी
सांसद श्वेत मलिक व पूर्व मंत्री अनिल जोशी ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के नीले कार्ड जब्त कर लिए। इस कारण लोगों को राशन नहीं मिला है। राशन कहां गया इसकी जांच होनी चाहिए। अनिल जोशी ने कहा कि कैप्टन सरकार ने कोरोना वायरस के दौरान शराब का घोटाला किया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ाई गईं। मुंह पर मास्क लगाए हुए थे लेकिन प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के नेताओं ने सामाजिक दूरी बनाए रखने की कोई परवाह नहीं की। मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष सुरेश महाजन, गुरुप्रताप सिंह टिक्का और अन्य नेता मौजूद रहे।
फोटो खिंचवाने की होड़ में अकाली-भाजपा नेता भूले सोशल डिस्टेंसिंग
जालंधर में गुरुवार को शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के कई नेता पंजाब सरकार के खिलाफ कई मुद्दों को लेकर धरना देने पहुंचे लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग भूल गए। डीसी ऑफिस के सामने धरने पर बैठे तमाम नेताओं ने कहा कि सरकार के नेता घोटालों में लिप्त हैं। चाहे शराब का घोटाला हो या बीज का।
धरने से पहले अकाली-भाजपा नेताओं ने भारत-चीन सीमा पर शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद फोटो खिंचाने के चक्कर में किसी ने शारीरिक दूरी के नियम का पालन नहीं किया। सारे नेता और कार्यकर्ता एक साथ बैठे रहे और हाथ में बैनर, तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
यह भी पढ़ें- 30 अप्रैल को जिस पोस्ट से हुए रिटायर उसी पर भाई हुआ शहीद, पढ़ें- कैसे चीनी सैनिकों को चुन-चुनकर मारा
इस दौरान विधायक गुरप्रताप सिंह वडाला और अकाली दल प्रवक्ता पवन टीनू, पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया, पूर्व सीपीएस केडी भंडारी, अकाली नेता सरबजीत मक्कड़, पूर्व मेयर सुनील ज्योति, जिला भाजपा प्रधान सुशील शर्मा, जिला अकाली दल प्रधान कुलवंत सिंह मन्नन भी मौजूद रहे। पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया ने कहा कि कांग्रेस सरकार हर फ्रंट पर फेल हुई है और आम जनता कैप्टन सरकार से दुखी है। कांग्रेस सरकार में शराब माफिया हावी हैं और घोटाले कर राजस्व को नुकसान पहुंचाया गया।
बठिंडा: अकाली दल ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ लगाया धरना
लॉकडाउन के दौरान राशन वितरण में हुए कथित घोटोले, नीले कार्ड काटने व अन्य मसलों को लेकर अकाली-भाजपा गुरुवार को डिप्टी कमिश्नर के कार्यालय समक्ष धरना देकर रोष प्रदर्शन किया गया। डिप्टी कमिश्नर बी श्रीनिवासन के माध्यम से पंजाब के राज्यपाल को एक मांग पत्र भेजा गया। इस अवसर पर अकाली दल के पूर्व मंत्री सिंकदर सिंह मलूका, पूर्व विधायक सरूप चंद सिंगला ने विभिन्न मांगें रखीं। अकाली नेताओं ने पंजाब के राज्यपाल से मांग की कि सभी घोटालों की जांच करवाई जाए और आरोपी पाए जाने वाले सरकार के मंत्री एवं विधायकों समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
संगरूर: नीले कार्ड काटने के विरोध में डीसी दफ्तर के सामने धरना
जरूरतमंद परिवारों के नीले कार्ड काटने के विरोध में शिअद-भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिअद के जिलाध्यक्ष इकबाल सिंह झूंदा के नेतृत्व में जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स के समक्ष धरना दिया और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही पंजाब के राज्यपाल के नाम डीसी को ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर संबोधित करते हुए इकबाल सिंह झूंदा, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव प्रकाश चंदगर्ग, पूर्व विधायक गगनजीत सिंह बरनाला, गुलजार सिंह मूनक, एसजीपीसी के आंतरिक कमेटी सदस्य इंद्रमोहन सिंह, निरंजन सिंह, हरी सिंह नाभा, विनरजीत गोल्डी ने कहा कि नीले कार्ड धारक अपने कार्ड बहाल करवाने व अनाज के लिए दर-दर भटक रहे हैं। पूर्व विधायक प्रकाश चंद गर्ग ने विभिन्न मांगें रखीं।
मुक्तसर: शिअद-भाजपा का मिनी सचिवालय के समक्ष प्रदर्शन
शिरोमणि अकाली दल व भारतीय जनता पार्टी ने मिनी सचिवालय के समक्ष प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारी शिअद-भाजपा नेता जैसे ही सचिवालय के समक्ष पहुंचे तो सुरक्षा कर्मियों ने गेट बंद कर दिया और उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। मगर शिअद-भाजपा नेता वहीं पंजाब सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए धरने पर बैठ गए। जिस पर कुछ ही देर में उन्हें डीसी से मिलने भीतर जाने दिया गया।
शिअद विधायक कंवरजीत सिंह रोजी बरकंदी व भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश पठेला गोरा की अध्यक्षता में नेताओं व कार्यकर्ताओं ने डिप्टी कमिश्नर एमके अरविंद कुमार को सरकार के नाम संबोधित रोष भरा ज्ञापन सौंपा। विधायक कंवरजीत सिंह रोजी बरकंदी व भाजपा के जिला अध्यक्ष राजेश पठेला ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बेहद घपले हो रहे हैं।
पंजाब में शराब, रेत, नकली बीज व माफियाराज का बोल-बाला है। मगर सरकार कुछ नहीं कर रही। वहीं पक्षपात के तहत अनेकों जरुरतमंद लाभार्थियों के नीले कार्ड काट दिए गए हैं। जिससे वह राशन लेने से वंचित हो गए हैं। इस मौके पूर्व विधायक हरप्रीत सिंह मलोट, हरपाल बेदी, बिंदर गोनियाना, मंडल अध्यक्ष तरसेम गोयल, महा सचिव अंगरेज सिंह उड़ांग, जीवन शर्मा, अनुराग शर्मा समेत अन्य शिअद-भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
पटियाला में अकाली दल ने डीसी दफ्तर घेरा
शिरोमणि अकाली दल (बादल) और भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा के नेतृत्व में डीसी दफ्तर का घेराव करके कैप्टन सरकार के खिलाफ धरना दिया। मौके पर पंजाब सरकार द्वारा रद्द किए नीले कार्ड फिर से बहाल करने और कांग्रेस की सरकार में हुए बड़े घोटालों की निष्पक्ष जांच व बीज घोटाले की सीबीआई जांच की मांग की गई। बाद में राज्यपाल के नाम डीसी को मांगपत्र भी दिया गया। मौके पर जमकर नारेबाजी भी की गई।
रखड़ा ने कहा कि अब तो हाईकोर्ट ने भी कांग्रेस सरकार को कह दिया है कि प्रत्येक व्यक्ति को राशन मिलना चाहिए और सरकार ने यदि आर्डर लागू नहीं किए तो अकाली दल जहां फिर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएगा। वहीं सारे पंजाब को जाम भी करेगा। धरने में पूर्व मंत्री हरमेल सिंह टोहड़ा, शहरी अकाली जत्थे के प्रधान हरपाल जुनेजा, विधायक हरदिंरपाल सिंह चंदूमाजरा, हरजीत सिंह ग्रेवाल हलका इंचार्ज राजपुरा, कबीर दास हलका इंचार्ज नाभा शामिल रहे।
गुरदासपुर: घोटालों की जांच संबंधी सौंपा मांग पत्र
नीले कार्ड बहाल करने तथा कांग्रेस सरकार की ओर से किए गए कथित घोटालों की जांच करवाने संबंधी शिरोमणि अकाली दल तथा भाजपा की ओर से संयुक्त रूप से डीसी गुरदासपुर के जरिए राज्यपाल के नाम मांग पत्र सौंपा गया। इस रोष प्रदर्शन की अगुवाई अकाली दल के जिला प्रधान गुरबचन सिंह बब्बेहाली ने की। जिसमें विधायक लखबीर सिंह लोधीनंगल समेत बड़ी संख्या में अकाली नेता मौजूद रहे।
रोपड़: अकाली दल ने कांग्रेस के खिलाफ किया प्रदर्शन
पंजाब में हर वर्ग के साथ की जा रही धक्केशाहियों के खिलाफ और नीले कार्ड काटे जाने को लेकर शिरोमणि अकाली दल ने महाराजा रणजीत सिंह बाग में धरना दिया। इस दौरान सामाजिक दूरी का ध्यान रखा गया और कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। धरने के उपरांत डीसी रूपनगर सोनाली गिरी को राज्यपाल के नाम मांगपत्र भी दिया। शिरोमणि अकाली दल के वक्ता और पूर्व शिक्षा मंत्री दलजीत सिंह चीमा के नेतृत्व में डीसी को मांगपत्र भी सौंपा गया।
पठानकोट: घोटालों पर सरकार के मौन का विरोध
शिरोमणि अकाली दल व भाजपा ने साझे तौर पर डीसी कार्यालय मलिकपुर के बाहर प्रदर्शन किया गया। अकाली दल जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कनवर मिंटू व भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। अकाली दल जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह कनवर मिंटू ने कहा कि पंजाब के लोगों के महत्वपूर्ण मुद्दों शराब, रेत, खनन माफिया व नकली बीज घोटाले पर पंजाब सरकार मौन है। उन्होंने राज्यपाल से काटे गए नीले कार्ड दोबारा बहाल करने की मांग की। डीसी को ज्ञापन भी सौंपा।