कांग्रेस छोड़ी, मोदी की तारीफ और आप को सराहा
पूर्व विधायक जगमीत बराड़ ने बेशक कांग्रेस छोड़ दी हो, लेकिन वे मोदी के गुण गाते हैं और आप की तारीफ करते हैं। उनका कहना है कि अगर राजनीति में जिंदा रहना है, तो सक्रिय होना पडे़गा। इसके लिए वह एक प्रभावशाली मंच को तलाश रहे हैं।
साल 1999 में फरीदकोट से लोकसभा चुनाव में उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल को हराकर कांग्रेस में अपना रुतबा कायम करने वाले जगमीत सिंह बराड़ ने पार्टी से 35 साल का नाता तोड़ एक नया रास्ता ढूंढना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि वह शिक्षित लोगों को एक मंच पर लाकर राज्य के विकास के लिए कार्य करेंगे।
कुछ ही दिनों के बाद उनके पैतृक शहर श्री मुक्तसर साहिब में लगने वाले माघी मेले के उपलक्ष्य में एक लंगर का आयोजन अपने निवास पर ही करेंगे। उन्हें उम्मीद है कि प्रदेश के हर जिले से उनके समर्थक वहां पर पहुंचेंगे।
कांग्रेस में इस्तीफों का दौर जारी रहेगा
जगमीत बराड़ ने नरेंद्र मोदी का गुणगान करते उन्हें आज तक का सर्वश्रेष्ठ प्रधानमंत्री कहा। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि अमित शाह के पंजाब दौरे के दौरान वह बीजेपी से हाथ मिला सकते हैं।
इसके अलावा उन्होंने आम आदमी पार्टी को भी सराहा। जगमीत बराड़ ने कहा कि उनके कांग्रेस से जाने के बाद उनके सभी साथी पार्टी को अलविदा कहकर उनके साथ आएंगे। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस में इस्तीफों का दौर जारी रहेगा। क्योंकि कांग्रेस में भी अब परिवारवाद हावी होने लगा है।
56 वर्षीय जगमीत बराड़ ने हाल में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हुई करारी हार पर अपनी भावनाओं को प्रकट किया था। इसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी को अब छुट्टी ले लेनी चाहिए।