कट्टर हुए खट्टर, मोदी की तरह चलाएंगे सरकार
हरियाणा की नई सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की धमक दिखनी शुरू हो गई है। पीएमओ की तर्ज पर ही हरियाणा सीएमओ भी काम करेगा। यही वजह है कि मंत्रियों ने अपने रिश्तेदारों और पिछली सरकार में चर्चित रहे लोगों से दूरियां बनानी शुरू कर दी हैं। हरियाणा सीएमओ की ओर से लिखित में नहीं, लेकिन मौखिक रूप से यह निर्देश जारी हो चुके हैं।
इसकी बानगी दिखनी शुरू हो चुकी है। मंत्रियों के निजी सचिव और उनके रिश्तेदार सरकारी कामों में उनके साथ नहीं दिखेंगे। सरकार के एक मंत्री ने तो अपने साथ रहने वाले रोहतक के नुमाइंदों को अलग कर नया स्टाफ रखने के आदेश दिए हैं।
कुल मिलाकर रिश्तेदारों और करीबियों को अपने साथ में लेकर सरकार कोई दाग या धब्बा नहीं दिखाना चाहती है। यही कारण है कि मंत्रियों ने कामकाज तो शुरू कर दिया है, लेकिन अभी तक अपने अमले में नियुक्तियां नहीं की हैं।
सीएम सुरक्षा कर्मियों की संख्या कम
मुख्यमंत्री खुद भी इन नियम कायदों को लेकर अनुशासन में हैं। हरियाणा मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री का परिवार उनके साथ में नहीं रहेगा, क्योंकि खट्टर संघ के प्रचारक रहे हैं और संघ के प्रचारक विवाह नहीं करते।
मुख्यमंत्री के परिवार के लोगों ने उनका शपथ ग्रहण भी आम जनता के बीच बैठकर देखा है। मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास में प्रवेश से पहले किसी प्रकार की कोई विशेष रेनोवेशन या कोई नई सजावट नहीं करवाई।
साथ ही उन्होंने अपनी सुरक्षा में लगे सुरक्षा कर्मियों की संख्या भी कम कर दी है। उन्होंने अपने काफिले में चलने वाली गाड़ियों की गिनती भी कम करने को कहा है।