गले में प्याज का हार और हाथ में बर्तन लेकर 'आप' नेताओं का प्रदर्शन, केंद्र व पंजाब सरकार को घेरा
आम आदमी पार्टी ने महंगाई को लेकर प्रदर्शन किया। डिप्टी कमिश्नरों के जरिए पंजाब सरकार को ज्ञापन भेजे गए। सांसद भगवंत मान ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकारों की नीतियों के कारण लोगों की आय घटती जा रही है। महंगाई घातक होती जा रही है। सरकारों को सिर्फ कॉरपोरेट घरानों के अलावा किसी की परवाह नहीं है।
पंजाब सरकार ने सरकारी पॉवर प्लांट बंद कर निजी कंपनियों के साथ हुए एकतरफा समझौतों को जारी रखा। जिसके चलते पंजाब के उपभोक्ताओं को देश में सबसे महंगी बिजली खरीदनी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि ज्ञापन में डीजल-पेट्रोल से वैट घटाना, राज्य के हिस्से का वैट छोड़ने, निजी बिजली कंपनियों के साथ किए समझौते रद करने आदि मांगें हैं।
लुधियाना में भी आप नेताओं ने किया प्रदर्शन
बढ़ती महंगाई को लेकर सोमवार को आम आदमी पार्टी ने लुधियाना में डीसी दफ्तर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया। इससे आप पार्टी विधायका सर्वजीत कौर माणूके की अगुवाई में मेन रोड पर रोष मार्च निकाला गया। इसमें शामिल आप नेताओं ने हाथ में खाली बर्तन लेकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
यह रोष मार्च डीसी दफ्तर पर आकर संपन्न हुआ। इसके बाद डीसी को एक ज्ञापन पत्र सौंपा, इसमें महंगाई कम करने के लिए राज्य और केंद्र सरकार को तुरंत कदम उठाने के लिए कहा गया है। वही पंजाब में शिक्षा और सेहत सुविधाओं में सुधार लाने दिल्ली की तर्ज पर काम करने के लिए कहा गया है।
विधायक सर्वजीत कौर ने कहा कि महंगाई पर रोक लगाने में केंद्र और राज्य सरकार नाकाम साबित रही है। देश में पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं, इस कारण अन्य उत्पादों के दाम में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पंजाब सरकार को चाहिए कि वह तेल कीमतों पर वैट राशि को कम कर लोगों को कुछ राहत दे।
फतेहगढ़ साहिबः आम आदमी पार्टी ने फूंका महंगाई का पुतला
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष गुरविंदर सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में सोमवार को मुख्यालय के बाहर बढ़ रही महंगाई और बिजली दरों के विरोध में पंजाब व केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। महंगाई का पुतला भी फूंका गया। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपने गले में प्याज की माला पहन और हाथों में सरकार के खिलाफ तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद डीसी अमृत कौर गिल को ज्ञापन सौंपा।
मांगपत्र में बढ़ रहे प्याज की कीमतों, डीजल-पेट्रोल व बिजली दरों का भी विरोध किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि महंगाई बढ़ने का असर हर नई चीज पर पड़ रहा है। महंगाई को रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकार फेल साबित हो रही है। जिला प्रधान गुरविंदर सिंह ढिल्लों ने कहा कि 10 साल से बढ़ रही कीमतें रुकने का नाम नहीं ले रही है। उनकी मांग है कि सूबा सरकार पेट्रोल-डीजल पर वैट दर कम करे। पंजाब में दिल्ली सरकार की तर्ज पर कम रेट वाली बिजली दी जाए। शिक्षा और सेहत सुधारी जाए।
मुक्तसरः महंगाई के खिलाफ आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन
आम आदमी पार्टी की ओर से सोमवार को बढ़ती महंगाई के विरोध में मिनी सचिवालय के सामने रोष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान आप नेता और कार्यकर्ता गले में प्याज के हार पहनकर सचिवालय पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिला अध्यक्ष जगदेव सिंह बाम के नेतृत्व में किए गए इस प्रदर्शन के दौरान सरकार का पुतला फूंकने के साथ-साथ बिजली के बिल भी फूंके गए। प्रदर्शन के बाद तहसीलदार जैसक कुमार को सरकार के नाम संबोधित ज्ञापन भी सौंपा गया।
जिला अध्यक्ष जगदेव सिंह, हलका प्रधान जगदीप सिंह काका बराड़, इकबाल सिंह खिड़कियांवाला और कारज मिड्डा ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और प्याज की कीमतें आसमान छू रही हैं। बिजली के रेट लगातार बढ़ रहे हैं मगर पंजाब व केंद्र सरकार महंगाई को कंट्रोल करने की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार से मांग की है कि महंगाई को काबू करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।