चंडीगढ़: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने निकाली विजय यात्रा, जनसमूह के बीच सभी पार्षदों को दिलाई शपथ
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में पहली बार मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी ने 35 सीटों में से 14 सीटें जीती और सबसे बड़ी पार्टी बनी। हालांकि स्पष्ट बहुमत न मिलने के कारण पार्टी अभी अपना मेयर बनाने की स्थिति में नहीं है लेकिन जीत से उत्साहित पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आप को जीत दिलाने के लिए चंडीगढ़ के लोगों को धन्यवाद करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैं ईश्वर की कसम खाता हूं कि चंडीगढ़ के लोगों की तन, मन और धन से सेवा करूंगा। लोगों का विश्वास नहीं तोड़ूंगा। आम आदमी पार्टी मां है, इससे गद्दारी नहीं करूंगा। गलत काम करूंगा न किसी को करने दूंगा... ये शपथ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नगर निगम चुनाव में निर्वाचित आम आदमी पार्टी के सभी पार्षदों को भारी हुजूम के बीच दिलाई।
सेक्टर-22/23 लाइट प्वाइंट के नजदीक सेक्टर-22 में विजय यात्रा निकालकर केजरीवाल ने शहरवासियों का धन्यवाद किया। कहा चंडीगढ़ वालो आपने कमाल कर दिया, चमत्कार कर दिया। देशभर का दिल जीत लिया। अब देशभर के लोग कह रहे हैं कि भाजपा और कांग्रेस को हराया जा सकता है।
आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल निगम चुनाव में मिली जीत के बाद गुरुवार को शहर पहुंचे और अपने सभी पार्षदों के साथ सेक्टर-22 में विजय यात्रा निकाली। कहा कि मैं यहां चंडीगढ़ वासियों का शुक्रिया अदा करने आया हूं। आपका भरोसा टूटने नहीं दूंगा। आपने जो प्यार दिया है, उसे कम नहीं होने दूंगा।
केजरीवाल ने पार्षदों से कहा कि राह आसान नहीं है। सवा सौ साल पुरानी पार्टी के बड़े-बड़े नेताओं और भाजपा को चंडीगढ़ के लोगों ने हराकर आप पर विश्वास जताया है। अब आप लोग भी 24 घंटे तन-मन से काम कर जनता की सेवा करना। चुनाव के वक्त राजनीति होती है। अब काम करने का वक्त है। अब सभी हमारे हैं। किसी से भेदभाव मत कीजिएगा। बता दें कि नगर निगम चुनाव में आप के 14 पार्षद जीते हैं।
अरोमा लाइट प्वाइंट से सेक्टर 22/23 के लाइट तक निकाली यात्रा
विजय यात्रा अरोमा लाइट प्वाइंट से शुरू होकर सेक्टर 22/23 के लाइट प्वाइंट पर संपन्न हुई। शहर के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगे। जगह-जगह पर तोरण द्वार सजाए गए थे। सड़क के दोनों तरफ पार्टी के झंडे लिए कार्यकर्ता खड़े रहे।
कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे से पहले ही पहुंचना शुरू हो चुके थे। वहीं, दोपहर बाद 1.45 बजे केजरीवाल अरोमा लाइट प्वाइंट पर पहुंचे। उसके तुरंत बाद ही विजय यात्रा शुरू हुई। यह यात्रा 2.23 बजे 22/23 की लाइट प्वाइंट पर पहुंची। यहां पर केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और नव निर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई। विजय यात्रा के दौरान ट्रैफिक को रोक दिया गया था।
केजरीवाल ने पार्षदों को दिलाई ये शपथ
मैं ईश्वर की कसम खाता हूं कि चंडीगढ़ के लोगों की तन, मन और धन से सेवा करूंगा, जो विश्वास चंडीगढ़ के लोगों ने मुझ पर किया है, उसे कभी टूटने नहीं दूंगा। पूरी ईमानदारी से काम करूंगा। रिश्वत नहीं लूंगा। गलत काम नहीं करूंगा। न किसी को गलत करने दूंगा। आम आदमी पार्टी मां के समान है। चंडीगढ़ के लोग मेरे परिवार हैं। लोगों ने मेरी पार्टी और मुझे वोट देकर जो भरोसा किया है, उसे कभी नहीं तोड़ूंगा। मैं कभी आम आदमी पार्टी छोड़कर नहीं जाऊंगा। अपने चंडीगढ़ परिवार और आम आदमी पार्टी से गद्दारी नहीं करूंगा। अगर ऐसा करूं तो चंडीगढ़ की जनता मुझे दोबारा कभी वोट न करे।
चंडीगढ़ को सबसे खूबसूरत शहर बनाना है
केजरीवाल ने आप के पार्षदों से कहा कि भाजपा, अकाली और कांग्रेस भी अपने हैं। आप लोग अधिक से अधिक काम करना, ताकि अगली बार सभी पार्टियों के कार्यकर्ता आप को वोट दें। चंडीगढ़ को सबसे खूबसूरत शहर बनाना है। सड़कें, स्कूल और अस्पताल पर विशेष ध्यान देना है। केजरीवाल ने कहा कि इस शपथ पत्र पर पार्षदों के दस्तखत के बाद उनके वार्ड के घर-घर में पहुंचाया जाएगा। केजरीवाल ने कहा कि अगली बार पंजाब में जीत के बाद शपथ के लिए आएंगे।
चंडीगढ़ तो झांकी है, पंजाब बाकी है: भगवंत मान
सांसद भगवंत मान ने विजय यात्रा में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी पहले राजधानी जीतती है। बाद में देश जीतेगी। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ तो झांकी है, पंजाब अभी बाकी है। अब फिर राजधानी जीती है। बाद में पंजाब जीतेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आपसे एक मौका मांगा था, आपने दे दिया है। हमारी ताकत हमारे कार्यकर्ता हैं। बता दें कि मंच का संचालन आप के वरिष्ठ नेता प्रदीप छाबड़ा ने किया। आप के नेता चंद्रमुखी शर्मा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर आप के चंडीगढ़ संयोजक प्रेम गर्ग, हरमोहन धवन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे।