अरविंद केजरीवाल का एलान: पंजाब में सिख चेहरे को ही सीएम बनाएगी आप, होगा सबका पसंदीदा
पंजाब में आम आदमी पार्टी पिछले चुनाव में एक बड़ी ताकत बनकर उभरी थी। पार्टी को इस बार भी पंजाब से काफी उम्मीदें हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बेअदबी कांड के आरोपियों का बचाव करने पर पंजाब के लोगों में बहुत गुस्सा है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर बेअदबी और कोटकपूरा गोलीकांड के आरोपियों को सजा दिलाएंगे।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जब पंजाब की जनता को मुख्यमंत्री और सरकार की जरूरत थी तो कांग्रेस नेता कुर्सी और पार्टी में प्रधानगी के लिए लड़ रहे थे। केजरीवाल ने यह बात सोमवार को जिला सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही। उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर सिख चेहरे को मुख्यमंत्री बनाएंगे, जिस पर सभी पंजाबियों को गर्व होगा। इस दौरान सांसद भगवंत मान और हरपाल सिंह चीमा मौजूद रहे।
उन्होंने कुंवर के आप में शामिल होने को पंजाबियों के लिए खुशी का मौका बताया। उन्होंने कहा कि न तो कुंवर कोई नेता हैं और न ही उनके बाप-दादा राजनीति से हैं। वे भी राजनीतिक परिवार से नहीं हैं। हमारी पार्टी नेताओं की पार्टी नहीं, हम लोग देश की सेवा करने के लिए राजनीति में आए हैं।
पूर्व आईजी की ईमानदारी की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि कुंवर के विरोधी भी उनकी (कुंवर) की ईमानदारी की कसम खाते हैं। पुलिस वाले की ऐसी ड्यूटी होती है कि उसे सख्ती करनी पड़ती है लेकिन पंजाब के लोग कुंवर को अपने पारिवारिक सदस्य की तरह प्यार करते हैं।
अकाली और भाजपा पर भी बोला हमला
केजरीवाल ने कहा कि बरगाड़ी बेअदबी कांड और इसके बाद कोटकपूरा गोलीकांड को पूरे पंजाब ने देखा। कुंवर ने ढाई साल की जांच के बाद खुलेआम घूम रहे मामले के मास्टरमाइंड लोगों का पता लगाया तो पूरा सिस्टम कुंवर के खिलाफ हो गया, जिसके बाद कुंवर को पद से इस्तीफा देना पड़ा। इस वक्त पंजाब बुरे दौर से गुजर रहा है।
सत्ताधारी पार्टी के नेता कुत्ते-बिल्लियों की तरह कुर्सी और पार्टी की प्रधानगी के लिए लड़ रहे हैं। अकाली दल का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि पंजाब में एक पार्टी है, जिस पर बेअदबी और भ्रष्टाचार के संगीन आरोप लगे हैं। उन्होंने भाजपा का नाम लिए बिना कहा कि एक पार्टी के नेता को तो जनता गली-मोहल्ले में घुसने नहीं देती।
पंजाब के लोग बदलाव चाहते हैं
उन्होंने कहा कि दिल्ली में एक बार आप की सरकार बनी तो लोगों को 24 घंटे बिजली मिलने लगी। अब पंजाब के लोग भी राजनीतिक बदलाव चाहते हैं। अब उनके पास बदलाव का विकल्प भी है। पंजाबियों से अपील करते हुए कहा कि पिछले 70 वर्षों में कई पार्टियों को मौका दिया, अब एक बार आम आदमी पार्टी को भी मौका दीजिए, ताकि हम पंजाब की दशा और दिशा बदल सकें।
नवजोत सिंह सिद्धू के आप में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस के बड़े नेता हैं और वह उनका सम्मान करते हैं। इस अवसर पर पार्टी के पंजाब प्रभारी जरनैल सिंह और सह-प्रभारी राघव चड्डा के अलावा आम आदमी पार्टी के विधायक भी उपस्थित थे।