पंजाब में संक्रमण: कोरोना से 99 की मौत, 2281 नए पॉजिटिव मिले, ब्लैक फंगस ने ली तीन की जान
पंजाब में ब्लैक फंगस का संकट गहराता जा रहा है। बुधवार को प्रदेश में 20 नए मामले सामने आए। वहीं तीन मरीजों ने इस संक्रमण की वजह से अपनी जान गंवा दी। 22 जिलों में से 320 मामले अब तक सामने आ चुके हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में बुधवार को ब्लैक फंगस से तीन और मरीजों ने दम तोड़ दिया। 20 नए केस सामने आए। यह गंभीर बीमारी अब तक सूबे में 46 लोगों की जान ले चुकी है। 22 जिलों में 320 मामले अब तक आ चुके हैं। इनमें से 43 मामले दूसरे राज्यों से संबंधित बताए जा रहे हैं।
कोरोना: 2281 नए संक्रमित, 99 की मौत
पंजाब में बुधवार को 2281 नए कोरोना संक्रमित मिले और 99 मरीजों की मौत हो गई। अमृतसर 7, बरनाला 2, बठिंडा 5, फरीदकोट 2, फतेहगढ़ साहिब 1, फाजिल्का 9, फिरोजपुर 7, गुरदासपुर 6, होशियारपुर 4, जालंधर 4, कपूरथला 4, लुधियाना 5, मानसा 3, मोगा 7, मोहाली 8, मुक्तसर 4, पटियाला 8, रोपड़ 2, संगरूर 7, एसबीएस नगर 1 और तरनतारन में 3 मरीजों की मौत हो गई।
राजिंदरा अस्पताल में चार नए ब्लैक फंगस के केस
पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल में बुधवार को तीन नए ब्लैक फंगस के केस रिपोर्ट हुए। जिले में ब्लैक फंगस के अब तक आए कुल केसों की संख्या बढ़कर 42 हो गई है, जिनमें से नौ की मौत हो चुकी है। सिविल सर्जन डॉ. सतिंदर सिंह ने इसकी पुष्टि की और बताया कि सरकारी राजिंदरा अस्पताल में बुधवार को तीन नए ब्लैक फंगस के केसों की पुष्टि के साथ अब यहां उपचाराधीन मरीजों की संख्या 21 हो गई हैं।
लुधियाना: ब्लैक फंगस के चार नए मामले
लुधियाना में बुधवार को जिला ब्लैक फंगस के चार नए केस मिले हैं। इसमें तीन जिला लुधियाना से संबंधित हैं, जबकि एक अन्य जिले से है। अभी तक जिले में कुल 82 ब्लैक फंगस के केस मिल चुके हैं। इनमें 36 मामले लुधियाना के हैं। 46 केस अन्य जिलों के हैं। ब्लैक फंगस के कारण अभी तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें दो मृतक लुधियाना और बाकी सात अन्य जिलों से के हैं।
गौरतलब है कि अभी तक ब्लैक फंगस के सबसे ज्यादा केस डीएमसी अस्पताल में मिले हैं। यहां पर 33 ब्लैक फंगस के मामले मिल चुके हैं। इसके अलावा सीएमसी अस्पताल में 16, दीप अस्पताल में 15, एसपीएस अस्पताल से 11, ओसवाल अस्पताल से तीन, फोर्टिस से एक, ग्रेवाल अस्पताल से एक, दीपक अस्पताल से एक और सिविल अस्पताल में एक ब्लैक फंगस का केस मिला है।
अस्पतालों में अब गैर जरूरी सर्जरी भी हो सकेंगी
पंजाब के निजी और सरकारी अस्पतालों में अब गैर जरूरी सर्जरी की भी अनुमति सरकार ने दे दी है। पंजाब सरकार की ओर से जारी निर्देशों में यह भी कहा गया है कि राज्य के सभी प्राइवेट अस्पतालों को कोरोना इलाज में आने वाले खर्चे की रेट लिस्ट लगानी अनिवार्य होगी।
स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने जिलों के सभी सिविल सर्जनों को निर्देशों का पालन कराने के लिए कहा है। सिद्धू ने बताया कि कोई भी प्राइवेट अस्पताल नोटिफाइड उपचार खर्चों से अधिक पैसे नहीं वसूल सकता और अगर कोई सरकार द्वारा नोटिफाई उपचार खर्च से अधिक पैसे वसूलता है तो डिप्टी कमिश्नर या सिविल सर्जन के पास इसकी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।
उन्होंने बताया कि कोरोना के मामले लगातार घट रहे हैं, जिसको देखते हुए अब स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग ने सभी सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में गैर-जरूरी सर्जरी की आज्ञा दे दी है। आम लोगों की भलाई के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सेवाओं को पूरी तरह बहाल करने का फैसला किया है।