स्वाइन फ्लू का कहर, पंजाब में 4 और ने दम तोड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्वाइन फ्लू से पीड़ित पटियाला और कपूरथला के एक-एक मरीज की शुक्रवार को पीजीआई चंडीगढ़ में मौत हो गई। जालंधर के मरीज ने लुधियाना के सीएमसी अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में भी स्वाइन फ्लू के एक मरीज की मौत हो गई। पंजाब में स्वाइन फ्लू से अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। पटियाला के गांव रीठखेड़ी निवासी मरीज बलवीर सिंह (43) को पांच फरवरी को राजपुरा के ज्ञान सागर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
हालत में सुधार न होने पर उसे यहां से पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया था। बलबीर की मौत के बाद पटियाला के सेहत विभाग की ओर से उसके तीन परिजनों को टैमीफ्लू की गोलियां दी जा रही हैं। इसी तरह कपूरथला के गांव भुलाणा की स्वाइन फ्लू पीड़ित मनजीत कौर (39) की भी पीजीआई में शुक्रवार को मौत हो गई।
जालंधर के अर्जुन नगर का रहने वाला अजय (35) सीएमसी अस्पताल लुधियाना में दाखिल था। शुक्रवार रात को 2 बजे के करीब उसने दम तोड़ दिया। अजय पीपीसीएल कंपनी में बतौर सुपरवाइजर तैनात था। जालंधर में स्वाइन फ्लू से अब तक यह तीसरी मौत है। अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती पलविंदर सिंह की मौत हो गई।
संदिग्ध मरीज हुए भर्ती, एक में पुष्टि
अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में शनिवार को स्वाइन फ्लू के दो और संदिग्ध मरीज भर्ती हुए। इनमें सुखदेव सिंह (36) में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो गई। वहीं पटियाला में स्वाइन फ्लू का एक और संदिग्ध मरीज सामने आया है। मरीज जागीर कौर (60) का सैंपल जांच को भेजा दिया गया है। वहीं एक अन्य मरीज पटियाला के सतनाम सिंह (60) की रिपोर्ट का भी विभाग को इंतजार है।
सतर्क हुआ सेहत विभाग
कपूरथला में मनजीत कौर की मौत के बाद जिला रेपिड रिस्पांस टीम के डॉ. जगतिंदर सिंह व डॉ. टीडी गुप्ता ने मृतका के गांव भुलाणा में सर्वे करके उसके पारिवारिक सदस्यों के नाम नोट कर लिए हैं। वहीं लाला लाजपत राय अस्पताल आरसीएफ में मनजीत कौर का उपचार करने वाले डॉक्टरों व स्टाफ के अलावा अस्पताल का भी सर्वे किया है।
डॉ. जगतिंदर सिंह ने बताया कि सभी पारिवारिक सदस्य मनजीत कौर का संस्कार करने नवांशहर के समीपवर्ती गांव गए हुए हैं। सोमवार को वापस आने पर उन्हें दवा दी जाएगी और जांच की जाएगी। आरसीएफ के अस्पताल के स्टाफ में भी लक्षण पाए जाने पर तुरंत दवा लेने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में कहीं भी स्वाइन फ्लू का संदिग्ध मरीज नहीं मिला है।
सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. रोशन लाल ने कहा कि आइसोलेशन वार्ड तैयार है। 50 पर्सन प्रोटेक्शन इक्विपमेंट किट तैयार हैं। फगवाड़ा से टेमी फ्लू गोलियां मंगवा ली गई हैं और चंडीगढ़ से भी दवा पहुंच चुकी है।