योग दिवस पर रिकॉर्ड: हरियाणा में 627136 लोगों को लगा टीका, 162 संक्रमित मिले, 29 की जान गई
हरियाणा में कोरोना के नए मामलों में तेजी से गिरावट आई है। सोमवार को प्रदेश में 162 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 29 मरीजों ने अपनी जान गंवाई है। उधर, योग दिवस पर हरियाणा में टीकाकरण का रिकॉर्ड बना। इस पर खुशी जाहिर करते हुए स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने पूरी टीम को बधाई दी।
विस्तार
योग दिवस पर हरियाणा के 3700 स्थानों पर वैक्सीनेशन मेगा ड्राइव में रिकॉर्ड 627136 लोगों को टीका लगाया गया। इनमें 564273 लोगों ने पहली और 62863 ने वैक्सीन की दूसरी डोज ली। कोविन पोर्टल के अनुसार, हरियाणा में टीकाकरण के मामले में युवा अब बुजुर्गों से आगे निकल गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने मेगा ड्राइव में ढाई लाख लोगों को टीकाकरण का लक्ष्य रखा था। युवाओं में दिखे जबरदस्त उत्साह के कारण यह आंकड़ा दो गुना से अधिक पहुंच गया। अब तक हरियाणा में कुल 76.59 लाख से अधिक लोगों को टीका लगाया जा चुका है। सबसे अधिक गुरुग्राम जिले में एक लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण हुआ, जबकि सबसे कम नूंह में 5665 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया।
हरियाणावासियों के लिए कोरोना महामारी संक्रमण को कम करने के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा है। एक दिन में राज्य में अब तक लगाई गई वैक्सीन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इस मेगा टीकाकरण दिवस पर राज्य स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभारी हूं। - अनिल विज, हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री।
विज्ञापन विज्ञापन
किस जिले में कितना हुआ वैक्सीनेशन
| जिला | आज पहली | आज दूसरी | अब तक कुल |
| गुरुग्राम | 98203 | 5975 | 1032652 |
| फरीदाबाद | 62000 | 8027 | 767370 |
| सोनीपत | 29500 | 4030 | 454202 |
| हिसार | 25363 | 1836 | 324899 |
| करनाल | 20004 | 8502 | 556030 |
| पानीपत | 19312 | 1246 | 273029 |
| रोहतक | 17380 | 4722 | 287807 |
| रेवाड़ी | 24971 | 499 | 291128 |
| पंचकूला | 16485 | 2176 | 265284 |
| कुरुक्षेत्र | 20468 | 1977 | 261606 |
| यमुनानगर | 21871 | 1605 | 331935 |
| सिरसा | 16871 | 2652 | 323239 |
| महेंद्रगढ़ | 23215 | 1020 | 278399 |
| भिवानी | 22136 | 2026 | 276061 |
| झज्जर | 26913 | 917 | 274467 |
| पलवल | 13907 | 5122 | 283475 |
| फतेहाबाद | 15828 | 1998 | 207475 |
| कैथल | 10712 | 1095 | 212646 |
| जींद | 15408 | 1923 | 232722 |
| नूंह | 5644 | 21 | 93939 |
| चरखी दादरी | 21680 | 1168 | 197691 |
| कुल | 564273 | 62863 | 7659624 |
कोरोना के 162 नए केस, 29 मरीजों की मौत
हरियाणा में सोमवार को कोरोना के मात्र 162 नए केस दर्ज हुए। 29 संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। अब एक्टिव केस 2337 रह गए हैं। एक दिन की पॉजिटिविटी 0.61 प्रतिशत, दूसरी लहर की 12.16 और कुल संक्रमण दर 7.87 प्रतिशत रह गई है। रिकवरी दर 98.49 प्रतिशत पहुंच गई है।
वहीं, पिछले 24 घंटों में हुईं 29 मौतों में हिसार-पानीपत 4-4, भिवानी 3, गुरुग्राम, झज्जर, सोनीपत, करनाल, सिरसा 2-2, अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, चरखी दादरी, फतेहाबाद, कैथल, जींद में 1-1 मरीज की मौत हुई है। अब तक कोरोना से कुल 9275 लोगों की मौत हो चुकी है।