स्कूलों में कोरोना की दस्तक: पंजाब के लुधियाना में 20 तो अबोहर में तीन छात्र मिले कोरोना संक्रमित
कोरोना संक्रमण के गिरते ग्राफ को देखते पंजाब सरकार ने 26 जुलाई से 10वीं से 12 वीं कक्षा तक स्कूलों को खोलने का आदेश जारी किया था। इसके बाद सरकार ने दो अगस्त से सभी स्कूल को खोलने का आदेश दिया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्कूल खुलते ही पंजाब में कोरोना ने दस्तक दे दी है। पंजाब के लुधियाना में 20 छात्र तो अबोहर में तीन विद्यार्थी संक्रमित मिले हैं। नौ अभी संदिग्ध हैं। लुधियाना में एहतियात के तौर पर स्कूल को 24 अगस्त तक बंद कर दिया गया है। मंगलवार को लुधियाना के दो सरकारी स्कूलों में 20 छात्र कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसे देखते हुए डिप्टी कमिश्नर ने 24 अगस्त तक स्कूल बंद करने का आदेश जारी कर दिया है।
सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल बस्ती जोधेवाल के स्कूल में आठ और सरकारी हाईस्कूल कैलाश नगर से 12 छात्र कोरोना पॉजिटिव मिले है। बस्ती जोधेवाल स्कूल में मिले संक्रमित 11 वीं कक्षा के है। सरकार के आदेश पर 41 कोरोना रैपिड सैंपल जांच को भेजे गए थे। दो स्कूल में इतनी संख्या में छात्रों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया।
हैरानीजनक बात यह है कि बस्ती जोधेवाल स्कूल की रिपोर्ट मिलने पर बाद दोपहर तक स्कूल खुला रहा, मामले के तूल पकड़ने के बाद प्रशासन ने इसे बंद करने का आदेश जारी किया। वहीं कैलाश नगर स्कूल की रिपोर्ट दोपहर बाद तक स्वास्थ्य विभाग तैयार नहीं कर पाया था, ऐसे में यह स्कूल सामान्य दिनों की तरह खुला रहा। यहां से 31 छात्रों के नमूने जांच को भेज गए थे। रैपिड टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव मिले छात्रों के आरटीपीसी कराया गया है। संक्रमित छात्रों में कोरोना का कोई लक्षण देखने को नहीं मिला है।
अबोहर के स्कूल में तीन संक्रमित मिले
अबोहर में मंगलवार को सरकारी स्कूल के तीन विद्यार्थी कोरोना पॉजटिव मिले जबकि नौ संदिग्ध मिले। इन विद्यार्थियों की रिपोर्ट आते ही उन्हें 14 दिनों के लिए एकांतवास पर रखा गया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने सारी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है और उचित कार्रवाई की सिफारिश की है।
अबोहर में सोमवार को 73 विद्यार्थियों की जांच की गई जबकि मंगलवार को 128 विद्यार्थियों की जांच हुई। इसमें तीन कोरोना संक्रमित मिले जबकि नौ विद्यार्थियों की रिपोर्ट संदिग्ध आई। बुधवार को इनका दोबारा टेस्ट किया जाएगा। टेस्ट के दौरान मौजूद करीब 100 से अधिक विद्यार्थियों और स्कूल कर्मचारियों ने मास्क नहीं पहना था। तीनों बच्चों को घर पर ही क्वारंटीन किया गया है। अन्य बच्चों के नमूने दोबारा भेजे गए हैं।
विभाग की नोडल अफसर डॉ. गुरकृपाल कौर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर जांच कैंप लगाए जा रहे हैं। जो भविष्य में भी जारी रहेंगे। शिक्षा विभाग के डिप्टी डीईओ बृज मोहन बेदी ने कहा कि स्कूल के तीन बच्चे पॉजिटिव आना चिंताजनक है। इसके लिए वह स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन के हिसाब से कार्य करेंगे। वहीं एसएमओ डॉ. गगनदीप सिंह ने कहा कि सभी स्कूल संचालक यह तय करें कि अगर किसी बच्चे को बुखार, जुकाम के लक्षण हैं तो उसका तुरंत सरकारी अस्पताल में टेस्ट करवाएं।
स्कूल प्रिंसिपल राजेश सचदेवा ने बताया कि 11वीं कक्षा के 12 सेक्शनों में तीन बच्चे पॉजटिव मिले हैं लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें लिखित रूप में कुछ भी नहीं दिया है। इसके बाद भी उन्होंने तीनों सेक्शनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया है।
26 जुलाई को खुले थे 10वीं से 12 तक के स्कूल
कोरोना संक्रमण के गिरते ग्राफ को देखते पंजाब सरकार ने 26 जुलाई से 10वीं से 12 वीं कक्षा तक स्कूलों को खोलने का आदेश जारी किया था। इसके बाद सरकार ने दो अगस्त से सभी स्कूल को खोलने का आदेश दिया था।
सरकार ने कोविड नियमों का सख्ती से पालन करने का आदेश भी दिया था। सरकार ने छात्रों का रैपिड टेस्ट करने को भी कहा था। सरकार की नई गाइडलाइन के अनुसार अगर किसी कक्षा में दो छात्र कोरोना संक्रमित मिलते हैं तो पूरी कक्षा को क्वारंटीन किया जाएगा, वहीं एक स्कूल में अगर चार से ज्यादा छात्र कोरोना संक्रमित मिलते हैं तो उस स्कूल को बंद करना होगा।