हादसा: रोपड़ में पटरी से उतरे मालगाड़ी के 16 डिब्बे, अचानक भैंसा आ जाने से हुआ हादसा, यातायात ठप
पंजाब के रोपड़ में रविवार रात एक मालगाड़ी के 16 डिब्बे पटरी से उतर गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के रोपड़ में रविवार-सोमवार की मध्य रात्रि लगभग 12:15 बजे एक मालगाड़ी की 16 बोगियां पलट गईं। गनीमत यह रही कि इसमें कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। रोपड़ थर्मल प्लांट से कोयले का रैक खाली करने के बाद मालगाड़ी पुरानी मुरादाबाद के लिए रवाना हुई। गुरुद्वारा श्री भट्ठा साहिब के पास रेलवे लाइन पर आवारा पशु (भैंसा) आ गया। इस दौरान इनसे इंजन की टक्कर हो गई। इसके बाद इंजन तो आगे निकल गया लेकिन भैंसा बोगियों के नीचे फंस गया, इस कारण 58 में से 16 बोगियां पलट गईं।
इस हादसे के बाद उत्तर रेलवे की अंबाला डिवीजन के अंतर्गत सरहिंद सेक्शन में रेल यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। दिल्ली जाने वाली सवारी गाड़ी हिमाचल एक्सप्रेस कुछ समय पहले इसी ट्रैक से गुजरी थी। इसके बाद 12:05 बजे यह मालगाड़ी मुरादाबाद के लिए रवाना हुई तो आवारा पशु के कारण हादसे का शिकार हो गई।
कार्यकारी स्टेशन अधीक्षक हजारा राम के अनुसार हादसा होने के तुरंत बाद अंबाला कंट्रोल को सूचित करने के साथ साथ उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया गया। इसके बाद अगले आदेश तक सरहिंद सेक्शन के अंतर्गत मोरिंडा-रूपनगर-कीरतपुर साहिब-आनंदपुर साहिब-नंगल डैम-ऊना हिमाचल-अंब अंदौरा-दौलतपुर के बीच रेल यातायात को स्थगित कर दिया गया है।
हादसे के तुरंत बाद जीआरपी ने मौके पर पहुंच रैक के मलबे को अपनी सुरक्षा में ले लिया। रात लगभग दो बजे अंबाला से भी रेलवे के अफसर और कर्मचारियों की पूरी टीम ने पहुंचकर नुकसान का जायजा लेने के साथ राहत कार्य भी शुरू किया। डीआरएम अंबाला डिवीजन गुरिंदर मोहन
सिंह ने बताया इस हादसे में रेल ट्रैक के तीन किलोमीटर तक हाईटेंशन पावर लाइन के पांच पोल भी टूट गए हैं।
कार्यकारी स्टेशन अधीक्षक हजारा राम के बताया कि मलबा हटाने का काम किया जा रहा है और टेक्निकल टीमें ट्रैक को ठीक करने में जुटी हैं। उन्होंने बताया कि संभवत: डीजल इंजन से चलने वाली गाड़ियों का यातायात सुचारु हो सकता है लेकिन इलेक्ट्रिक गाड़ियों का यातायात मंगलवार दोपहर तक सुचारु होने की उम्मीद है।
इस हादसे के बाद दिल्ली से चलकर दौलतपुर (हिमाचल प्रदेश) तक जाने वाली हिमाचल एक्सप्रेस, ऊना से चल कर नई दिल्ली जाने वाली जनशताब्दी, साबरमती से चलकर दौलतपुर तक जाने वाली एक्सप्रेस, नंगल से अंबाला जाने वाली पैसेंजर गाड़ी, नंगल से अमृतसर जाने वाली इंटर सिटी और सहारनपुर पैसेंजर गाड़ी को अगले आदेश तक रद्द कर दिया गया और यात्रियों का किराया वापस कर दिया गया है।
चंडीगढ़ की दो ट्रेनें रद्द
हादसे की वजह से चंडीगढ़ से चलने वाली दो ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, इनमें जन शताब्दी और एक पैसेंजर ट्रेन शामिल है। इस कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बता दें कि जन शताब्दी ऊना से चंडीगढ़ के रास्ते दिल्ली जाती है। वहीं पैसेंजर ट्रेन चंडीगढ़ से होते हुए अंबाला जाती है। इसके अलावा जयपुर दौलतपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस डी-टर्मिनेट कर दी गई है। यह ट्रेन आगे नहीं जाएगी और चंडीगढ़ से ही जयपुर लौट जाएगी। इसकी पुष्टि चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक जेपी सिंह ने की है।