रेशमबाड़ी में सिक्योरिटी गार्ड की चाकू से गोदकर हत्या मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। वहीं शनिवार देर शाम घटना के बाद से रेशमबाड़ी में छिपे चौथे आरोपी अरुण ठाकुर को भी गिरफ्तार किया गया। बृहस्पतिवार देर रात रेशमबाड़ी में झगड़े के बाद कुछ युवाओं ने लीलाधर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस को शनिवार को हत्या के मामले में फरार शिवम चंद्रा की लोकेशन मिली थी। पुलिस ने रिंग रोड से सरदार के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर अभियुक्त ने भागने का प्रयास किया और फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक कारतूस बरामद हुआ है। इधर, आरोपी पर पुलिस पर फायरिंग के आरोप में एक और प्राथमिकी दर्ज की गई है।