खटीमा में मानदेय वृद्धि और सेवानिवृत्ति पर एक मुश्त 10 लाख रुपये धनराशि की मांग को लेकर बुधवार को 13वें दिन भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन जारी रहा। बाल विकास कार्यालय के सामने धरने पर बैठीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सरकार पर उनकी उपेक्षा करने का आरोप लगाया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा कि वह लंबे समय से बेहद कम मानदेय पर काम कर रही हैं। उन पर बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा देने से लेकर उनके पोषण, देखभाल व स्वास्थ्य की भी जिम्मेदारी है। सरकार की ओर से सौंपी जाने वाली जिम्मेदारियों का वह पूरी निष्ठा से निर्वहन करती हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने न्यूनतम मानदेय 24 हजार रुपये देने की मांग की। वहां पर पुष्विंदर कौर, इंद्रा पोखरिया, लखविंदर कौर, गंगा राणा, कमला बिष्ट, रश्मि राणा, लक्ष्मी देवी, सीता देवी, सुनीता देवी, परमजीत कौर, रीना देवी, महेश्वरी, इंद्रवती, मंजू, शीला, ममता देवी,सपना राणा आदि थीं।