ऊखीमठ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उच्चीकरण होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है। हालांकि, अस्पताल का उच्चीकरण होने के बाद अब लोगों की निगाहें यहां पर्याप्त चिकित्सकों की तैनाती, चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता और अन्य जरूरी सुविधाओं के विस्तार पर टिकी हैं। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि इससे स्थानीय स्तर पर उपचार की सुविधाएं बेहतर होंगी और मरीजों को इलाज के लिए दूरदराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इसी क्रम में केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र की विधायक आशा नौटियाल से अस्पताल के उच्चीकरण और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर बातचीत की गई। बातचीत के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति के साथ ही सड़क, पेयजल, शिक्षा और अन्य जनसमस्याओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सवाल किए गए।