कलियर से लौटे जायरीन की भी बढ़ी संख्या, रोडवेज ने लगाए अतिरिक्त फेरे संवाद न्यूज एजेंसी रुड़की। रक्षाबंधन पर्व से पहले बृहस्पतिवार को रुड़की रोडवेज बस अड्डा यात्रियों की भीड़ से खचाखच भरा रहा। यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण बसें कम पड़ गईं। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न रूटों पर जाने वाली बसें यात्रियों से पूरी तरह भरकर रवाना हुई। बस आते ही उसमें सवार होने के लिए यात्रियों में आपाधापी की स्थिति बनी रही। दिल्ली जाने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी। कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें बस के लिए दो से तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। बस नहीं मिलने पर यात्री बस अड्डे परिसर और आसपास के स्थानों पर बैठकर और खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। यात्रियों मंयक, बबली, कविता और सोनम ने बताया कि वे रक्षाबंधन पर घर जाने के लिए दिल्ली की बस पकड़ने पहुंचे थे, लेकिन भीड़ अधिक होने से काफी परेशानी हुई। वहीं, कलियर उर्स की छोटी और बड़ी रोशनी पर जियारत के लिए पहुंचे जायरीन भी बृहस्पतिवार को अपने घरों को लौटे। इससे बसों में यात्रियों का दबाव और बढ़ गया। दिल्ली समेत अन्य रूटों की बसों में भीड़ दिखाई दी। सहायक महाप्रबंधक अमिता सैनी ने बताया कि रक्षाबंधन की पूर्व संध्या और कलियर में बड़ी रोशनी के समापन के बाद यात्रियों की संख्या बढ़ी। यात्रियों की सुविधा के लिए 20 से अधिक रोडवेज बसों का दिल्ली रूट पर संचालन किया गया। इसके साथ ही दिल्ली रूट पर अतिरिक्त फेरे भी लगाए गए।