देव दीपावली पर काशी में सभी घाटों पर दीप जलाए जाएंगे। साथ ही गंगा पार आतिशबाजी होगी। वहीं तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शनिवार को लेजर शो की तैयारियां की गईं। इस बार काशी में दीपों की जगमगाहट के साथ सुरक्षा और यातायात प्रबंधन का नया प्रयोग भी देखने को मिलेगा। गंगा में पहली बार नावों के संचालन के लिए टू-वे लेन सिस्टम लागू किया जाएगा। नमो घाट से अस्सी घाट तक फ्लोटिंग वॉटर जेट्टी लगाकर नावों के आने और लौटने का अलग-अलग रास्ता बनाया जाएगा। इससे गंगा में नावों की आवाजाही व्यवस्थित होगी और टकराव व अव्यवस्था की आशंका कम होगी। वहीं, शहर के सभी पक्के घाटों, रेतीले तट और 100 कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीप जलाकर काशी को भव्य दीपोत्सव का स्वरूप दिया जाएगा।