देव दीपावली पर 24 नवंबर को गंगा घाटों पर उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए नाविकों ने सुरक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। मां गंगा निषाद राज सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार निषाद गुरु के नेतृत्व में शुक्रवार को डॉ. राजेंद्र प्रसाद घाट पर नाविकों और मांझी समाज की बैठक हुई। इसमें सभी नाविकों को सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। नावों पर क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने, यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनाने और नाव, स्टीमर व बजड़ों का संचालन धीमी गति से करने को कहा गया। नशे में नाव चलाने और दूसरी नावों से टक्कर मारने पर भी रोक लगाई गई। नावों में कूड़ेदान रखने और गंगा में कचरा नहीं फेंकने की अपील की गई। साथ ही घाटों पर तैनात गोताखोरों को मुस्तैद रहने और जरूरत पड़ने पर डूबते यात्रियों को बचाने के निर्देश दिए गए। बैठक में रामकिशन माझी, बाबू साहनी सहित नाविक समाज के कई लोग मौजूद रहे।