गोवंश तस्करी से अर्जित अवैध धन से बनाई गई संपत्ति के खिलाफ पुलिस और राजस्व विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। डीएम के आदेश पर कोन पुलिस और ओबरा तहसील की राजस्व टीम ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपी ग्राम पंचायत पड़रक्ष के कुड़वा निवासी हफीज की करीब 37.50 लाख रुपये कीमत के पक्के मकान को कुर्क कर दिया। एसओ अखिलेश मिश्र ने बताया कि हफीज के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट का मामला दर्ज है। जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय ने कुर्की का आदेश दिया था। आरोपी हफीज ने गोवंश तस्करी से अर्जित अवैध धन से ग्राम पड़रछ में वन विभाग की भूमि पर पक्का मकान बनवाया था। इसकी अनुमानित कीमत 37 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। आदेश के अनुपालन में नायब तहसीलदार ओबरा अंकिता सिंह की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर कुर्की की कार्रवाई की गई। टीम ने डुगडुगी पिटवाकर कुर्की की उद्घोषणा कराई। इसके बाद मकान पर कुर्की संबंधी बोर्ड लगाकर उसे सील कर दिया गया।