कल्ली-नैमिष मार्ग पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े कदम के पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सीतापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कार में चार लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को मछरेहटा अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने बनारस निवासी आकाश गुप्ता (30) पुत्र राजीव गुप्ता और यश गुप्ता (25) पुत्र राजीव गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। कार सवार नंदनी गुप्ता (50) को प्राथमिक उपचार के बाद सीतापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं कार चालक की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। वह बोलने की स्थिति में नहीं है। उन्हें भी जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।