शाहजहांपुर में कैंट क्लब की ओर से आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में आरके इलेवन क्रिकेट क्लब ने गोपी इलेवन को 13 रन से पराजित किया। आरके इलेवन के शिवा सिंह और प्रत्यूष दीक्षित ने शानदार बल्लेबाजी कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। कैंट स्थित मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरके इलेवन ने आठ विकेट खोकर 149 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज आरिफ हुसैन पांच रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद शिवा सिंह ने 45 और प्रत्यूष दीक्षित ने 41 रन की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोपी इलेवन की टीम सात विकेट खोकर 136 रन ही बना सकी। टीम की ओर से जैबू ने 26 और गौरव देव ने 20 रन बनाए। आरके इलेवन की ओर से नुजहत लतीफ और डॉ. हरित कुमार ने दो-दो विकेट हासिल किए। मैच में अंपायर की भूमिका रिजवान खान और महमूद खान ने निभाई। स्कोरर अनुग्रह मिश्रा और कमेंट्री पंकज तिवारी छापू ने सुनाई। आयोजक मोहम्मद नईम, रजा हुसैन और मयूर खन्ना मौजूद रहे।