शाहजहांपुर में संविदा कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर विद्युत संविदा मजदूर संगठन ने बुधवार को कृष्णानगर स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय में धरना दिया। इस दौरान अधीक्षण अभियंता को 10 सूत्री ज्ञापन देकर निस्तारण की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष नवल किशोर सक्सेना के नेतृत्व में हुए धरने में वक्ताओं ने कहा कि संविदा कर्मचारियों को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से गठित आउटसोर्स सेवा निगम में शामिल किया जाएगा। कुशल श्रमिक एसएसओ और कुशल लाइनमैन को 25 हजार रुपये व अकुशल श्रमिकों को 22 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देने की मांग की गई। इसके अलावा छंटनी और 55 वर्ष की आयु पूरी होने पर हटाए गए कर्मचारियों को दोबारा काम पर रखने, संविदा कर्मियों की सेवानिवृत्ति आयु 60 वर्ष निर्धारित करने का आदेश लागू करने की मांग उठाई। चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं होने पर दस दिसंबर से पूर्ण हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। इस मौके पर मध्यांचल अध्यक्ष अशोक पाल, राजेश कुमार, मुनीश पाल, मोहम्मद रफी, अशोक सक्सेना, शकील अहमद, अरविंद कुमार आदि मौजूद रहे।