कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर जुनावई थाना क्षेत्र के सांकरा घाट, साधू मढ़ी घाट और असदपुर गंगा घाट पर श्रद्धालुओं के गंगा स्नान को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। उच्च अधिकारियों के दिशा-निर्देशों के तहत तीनों घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए थाना प्रभारी, उपनिरीक्षक, पुलिसकर्मी और महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा पुलिस लाइन से 100 अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों को भी बुलाया गया है। इस प्रकार थाने सहित 200 पुलिस कर्मी मौजूद रहेंगे। थाना प्रभारी धीरज सिंह ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तीनों घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रत्येक घाट पर 10 से 15 गोताखोरों और स्वयंसेवकों को भी लगाया गया है, ताकि स्नान के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। थाना प्रभारी स्वयं भी तीनों घाटों पर समय-समय पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहेंगे। वहीं, सुरक्षा के दृष्टिगत तीनों घाटों पर गहरे पानी की सीमा का आकलन करने के बाद बांस-बल्लियों से बैरिकेडिंग कराई गई है। बैरिकेडिंग का कार्य सोमवार दोपहर तक पूरा कर लिया गया, जिससे श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में ही गंगा स्नान कर सकें।