चंदौसी के मोहल्ला गोलागंज स्थित हजरत बुद्ध शाह मियां की दरगाह पर सालाना उर्स अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। इस मौके पर कुल शरीफ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत कर अमन-चैन और मुल्क की तरक्की के लिए दुआ मांगी। कुल शरीफ के दौरान हाफिज मतीन अशरफी ने कहा कि हजरत बुद्ध शाह मियां ने हमेशा लोगों को दीन की राह दिखाई और नबी के बताए रास्ते पर चलने की शिक्षा दी। उन्होंने कौम के लोगों को दुनियावी तालीम हासिल करने के लिए भी प्रेरित किया। उनका संदेश था कि नबी के बताए रास्ते पर चलने से ही कामयाबी मिल सकती है। कार्यक्रम के आखिर में मुल्क में अमन-चैन, हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समुदाय के बीच भाईचारा बनाए रखने और देश की तरक्की के लिए दुआ कराई गई। इस मौके पर शाह आलम मंसूरी, नबी अहमद, अब्दुल वाहिद, नदीम, शादाब, बासित, हाफिज फहीम नौशाही, मौलाना कैफ हुसैन, गुलाम साबिर बाबा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।