संविधान दिवस के अवसर पर एसएम इंटर कॉलेज में एक स्वर, एक संविधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों, न्यायिक अधिकारियों, शिक्षकों एवं अन्य प्रतिभागियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश डॉ. विदुषी सिंह, जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी सहित अपर जनपद न्यायाधीश आरती फौजदार, रागिनी सिंह, अवधेश कुमार सिंह एवं गोपाल जी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दीपक कुमार जायसवाल, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) आदित्य सिंह एवं पराग यादव तथा नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सतेंद्र प्रकाश सहित न्यायालय के कर्मचारी उपस्थित रहे। छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने एक स्वर में संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर उसके मूल आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।