संभल में जो अराजकता करेगा वह सलाखों के पीछे जाएगा और जो ज्यादा ही करेगा उसका टिकट ऊपर का कट जाएगा। एक समय था जब भैंस चोरी हो जाती थीं, किसान सर्दी में खुद मकान के बाहर सोते थे और भैंसों को अंदर बांधते थे। अब किसानों की यह चिंता योगी सरकार में खत्म हो गई है। यह कहना है संभल के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर का। उन्होंने लोकनिर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में मीडिया कर्मियों से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि संभल में अब सब संभला हुआ है। अराजकता खत्म हो चुकी है। दंगा पीड़ित परिवार लौटेंगे। एक परिवार आवास के लिए भूमि भी आवंटित की गई है। अन्य परिवार भी स्थापित कराए जाएंगे। इसी क्रम में पुलिस-प्रशासन काम कर रहा है। अब संभल में विकास हो रहा है और आम लोग राहत की सांस ले पा रहे हैं।