रायबरेली के नसीराबाद क्षेत्र में शिवपति शिव दर्शन पांडेय सेवा समिति के तत्वावधान में जय बाबा परमान तिवारी बभनपुर में प्रथम वालीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि अखिलेश आर पांडेय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया। उद्घाटन मैच कुंवरमऊ और कांटा के बीच खेला गया। इसमें कांटा की टीम ने कुंवरमऊ को लगातार दो सेटों में 25-11 और 25-4 से हराया। इसके बाद प्रयागराज ने कांटा को 21-17 से शिकस्त दी। सुल्तानपुर ने अठेहा प्रतापगढ़ को 23-21 और 21-14 से हराया। वहीं पूरे शिवा मऊ ने रोखा को 21-17 और 21-13 से पराजित किया। रायबरेली और टिकरा बाराबंकी के बीच रोमांचक मुकाबले में बाराबंकी ने तीसरे सेट में जीत दर्ज की। पहले सेमीफाइनल में सुल्तानपुर ने पूरे शिवा मऊ को 25-19 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में प्रयागराज ने बाराबंकी को 27-25 से हराया। फाइनल मुकाबले में प्रयागराज की टीम ने सुल्तानपुर को 25-13 से हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मुख्य अतिथि अखिलेश आर पांडेय ने विजेता टीम को 21 हजार रुपये की चेक व शील्ड तथा उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये की चेक व शील्ड देकर सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक अशोक कुमार और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विशाल सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।