मथुरा के पाली खेड़ा केसरी क्रिकेट ग्राउंड पर अधिवक्ता प्रीमियर लीग में शनिवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में फाइटर्स इलेविन ने राइजिंग स्टार इलेविन को हराया। वहीं दूसरे मैच में टाइगर इलेविन ने गोल्डन इलेविन को 100 रन से रौंद दिया। पहले मैच में राइजिंग स्टार इलेविन ने आठ विकेट पर 197 रन बनाए। अमन हसन ने 53, रवि चौधरी ने 27, देव उपाध्याय ने 24 और सार्थक चौहान ने 21 रन बनाए। जवाब में फाइटर्स इलेविन ने राकेश यादव के 53 और नीरव सक्सेना के 60 रनों की बदौलत 18.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। नीरव सक्सेना को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें चौधरी किशन सिंह, रवि उपाध्याय और अजय जडेजा ने पुरस्कार दिया। दूसरे मैच में टाइगर इलेविन ने नरेंद्र पाली के 38 और देवेंद्र सिंह के 64 रनों की मदद से 197 रन बनाए। जवाब में गोल्डन इलेविन की टीम 97 रन पर ढेर हो गई। पांच विकेट लेने वाले वीरेंद्र सिंह बब्बल मैन ऑफ द मैच बने। उन्हें बार एसोसिएशन अध्यक्ष चौधरी राघवेंद्र सिंह, सचिव मनोज शर्मा और सौरभ श्रीवास्तव ने पुरस्कार दिया। इसमें गौरव शर्मा एड., नितिन कटारा एड., पुरुषोत्तम सिंह एड. और अजय ठाकुर एड. ने व्यवस्था संभाली। रविवार को वारियर इलेविन और किंग्स इलेविन के बीच पहला, जबकि नाइट राइडर्स और रॉयल स्टार के बीच दूसरा मुकाबला होगा।