लखीमपुर खीरी में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर शनिवार को शहर में भव्य नगर कीर्तन शोभायात्रा निकाली गई। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा हाथीपुर से शुरू हुई शोभायात्रा में सिख समुदाय के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। गुरुवाणी के बीच गुरु ग्रंथ साहिब को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर शोभायात्रा निकाली गई। पंच प्यारों की अगुवाई में श्रद्धालु आगे बढ़ते रहे। रास्ते में जगह-जगह स्वागत और लंगर के शिविर लगाए गए, जहां लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। नगर कीर्तन मेला मैदान रोड, इमली चौराहा, दुखहरण नाथ मंदिर तिराहा, जीजीआईसी के सामने से कचहरी मार्ग, हमदर्द तिराहा, मेन रोड, सदर चौराहा, अस्पताल रोड, गुरु गोविंद सिंह चौक और बस स्टेशन होते हुए पंजाबी कॉलोनी गुरुद्वारे पहुंचा, जहां शोभायात्रा का समापन हुआ। गतका दल ने तलवारबाजी और आग के गोले समेत कई हैरतअंगेज करतब दिखाए।