लखीमपुर खीरी में कपिलश फाउंडेशन की ओर से कपिल देव खरे मेमोरियल फिडे रेटेड ओपन क्लासिकल शतरंज प्रतियोगिता 2027 का आयोजन पांच से 10 जनवरी तक गोला में किया जाएगा। बुधवार को शहर के एक होटल में प्रेस वार्ता में आयोजकों ने इसकी जानकारी दी। आयोजक यतीश शुक्ला ने बताया कि प्रतियोगिता स्विस प्रणाली पर 10 चक्रों में खेली जाएगी। हर खिलाड़ी को 90 मिनट का समय मिलेगा और पहली चाल से हर चाल पर 30 सेकंड अतिरिक्त जुड़ेंगे। यही क्लासिकल प्रारूप राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनाया जाता है, जिसमें एक बाजी चार से पांच घंटे तक चल सकती है। प्रतियोगिता के विजेता को 1.51 लाख रुपये ईनाम दिया जाएगा।