फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कानपुर: एआई से काम आसान पर आंख मूंदकर भरोसा करना जोखिम भरा, सीआईआरसी की कॉन्फ्रेंस सृजन में सीए ने रखे विचार

सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल (सीआईआरसी) की दो दिवसीय 46वीं रीजनल कॉन्फ्रेंस सृजन की शुरुआत शुक्रवार को लाजपत भवन में हुई। इसमें एआई के बढ़ते प्रभाव और उपयोगिता पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि सीए और करदाता को अब वित्तीय दस्तावेजों की जांच के लिए घंटों माथापच्ची नहीं करनी पड़ेगी। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) कुछ ही मिनटों में लेनदेन का विश्लेषण कर संदिग्ध भुगतान और हिसाब-किताब की गड़बड़ियां सामने ला देगा। टैक्स गणना से लेकर ऑडिट और वित्तीय रिपोर्ट तैयार करने तक एआई की दखल बढ़ने वाली है। इससे सीए का कामकाज आसान होगा। और उनके सामने विशेषज्ञ सलाहकार के रूप में आगे बढ़ने के नए अवसर भी खुलेंगे। हालांकि आंख मूंदकर भरोसा करना जोखिम भरा हो सकता है। कार्यक्रम के पहले दिन सीआईआरसी के अध्यक्ष सीए प्रसन्ना कुमार डी ने कहा कि एआई एक बड़ा सहयोगी है। जो दस्तावेज बेहतर बनाने में मदद करता है। इससे इस क्षेत्र में अवसरों की बढ़ोतरी ही होगी। एआई की मदद से आयकर रिटर्न, जीएसटी अनुपालन, बैलेंस शीट तैयार करने, पुराने रिकॉर्ड की जांच और वित्तीय आंकड़ों के विश्लेषण में तेजी आएगी। हजारों ट्रांजेक्शन में असामान्य गतिविधियों की पहचान कर संभावित टैक्स चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के संकेत भी मिल सकेंगे। नियमित कामों में समय बचने से सीए कारोबारियों को टैक्स प्लानिंग, निवेश और व्यावसायिक रणनीति पर बेहतर सलाह दे सकेंगे। उपाध्यक्ष सीए मंगेश किनारे ने कहा कि एआई की हर रिपोर्ट पर आंख मूंदकर भरोसा करना जोखिम भरा होगा। गलत आंकड़ों से गलत निष्कर्ष, ग्राहकों के वित्तीय दस्तावेजों की गोपनीयता और तकनीक पर अत्यधिक निर्भरता बड़ी चुनौतियां बनेंगी। ऑडिट की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए एआई के निष्कर्षों का सत्यापन बेहद जरूरी और अनिवार्य है। ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ टैक्स प्रैक्टिशनर्स के वाइस चेयरमैन धर्मेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि बदलाव के लिए सीए छात्रों को पढ़ाई के दौरान ही एआई टूल्स, डाटा एनालिटिक्स, ऑडिट ऑटोमेशन और साइबर सुरक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण बेहद जरूरी है। कार्यशालाओं, केस स्टडी और तकनीकी अभ्यास से उन्हें इनका सही इस्तेमाल सिखाया जा सकता है। आने वाले समय में तकनीकी दक्षता के साथ मानवीय विवेक रखने वाले सीए की पेशेवर मांग बढ़ेगी। इस मौके पर सीए अंकुर गोयल, अनुज गोयल, अभय छाजेड, ज्ञान चंद्र मिश्रा, पंकज शाह, अंकुश जैन, निर्भीक गांधी, धवल कोठारी, नरसिम्हन एलंगोवन, मानसी गुप्ता, मनु अग्रवाल, यश अग्रवाल, अमोल खन्ना, सुधीन्द्र जैन, अंशिका गुप्ता, गिरिश आहूजा, आनंद गुप्ता, राजीव मेहरोत्रा, अंकिता गेरा आदि थे। नए सीए को मिल रहा 30 लाख तक पैकेज, बढ़ती जा रही है मांग अध्यक्ष सीए प्रसन्ना कुमार डी ने कहा कि सीए की मांग लगातार बढ़ती जा रही है। 80-85 प्रतिशत सीए नौकरी करना पसंद कर रहे हैं। कानपुर समेत देश भर में कारपोरेट बढ़ रहा है। कंपनियों का अनुपालन बढ़ रहा है। इससे सीए की मांग बढ़ती जा रही है। अब एक नए सीए को 30 लाख तक पैकेज मिल रहा है। औसत 15-18 लाख का पैकेज मिल रहा है। यही कारण है कि सीए अब नौकरी ज्यादा करना पसंद कर रहे हैं। साल भर में 10 हजार सीए पूरे देश में बनते हैं। जिसमें 6-7 हजार नौकरी की ओर जा रहे हैं। विदेश में भी सीए की मांग बढ़ रही है। देश भर में 4.5 लाख सीए हैंं। और 2047 तक इनकी संख्या 30 लाख से ज्यादा होगी। परिवार में कलह का बड़ा कारण समय पर वसीयत न होना इंदौर से आए रीजनल काउंसिल मेंबर सीए आनंद जैन ने समय पर वसीयत बनाने पर जोर दिया। कहा कि समय पर संपत्ति की वसीयत बनाने से कई फायदे हैं। सही समय पर वसीयत बनाने से सही और बेहतर निर्णय लेना आसान है। परिवार में कलह का सबसे बड़ा कारण समय पर वसीयत नहीं बनना है। आमतौर पर लोग हमारे पास आते हैं कि बहन-बेटियों को संपत्ति में हिस्सा नहीं देंगे। अगर वसीयत समय और स्वस्थ अवस्था में बनी होगी तो विवाद को काफी हद तक खत्म किया जा सकता है। फर्जी सीए से रहे सावधान, झोलाछाप डॉक्टरों की तरह सक्रिय स्वास्थ्य के क्षेत्र में जिस तरह झोलाछाप डॉक्टर लोगों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ करते हैं। कुछ उसी तरह चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) के नाम पर फर्जी लोग भी सक्रिय हैं। ये लोग बिना वैध योग्यता और पंजीकरण के सीए बनकर लोगों को वित्तीय और कर संबंधी सेवाएं दे रहे हैं। सीए आनंद गुप्ता ने कहा कि ऐसे लोगों से कारोबारियों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सीए एक प्रतिष्ठित और जिम्मेदारी वाला पेशा है। इसमें निर्धारित योग्यता और प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही सदस्यता मिलती है। फर्जी सीए के चक्कर में पड़ने से लोगों को गलत टैक्स सलाह, आर्थिक नुकसान और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए किसी भी व्यक्ति से सीए की सेवाएं लेने से पहले उसकी सदस्यता और पहचान की जांच जरूर करनी चाहिए। युवराज ने बांधा समां, पंजाबी गीतों पर झूमे सीए पहले दिन का समापन सांस्कृतिक संध्या के साथ हुआ। जिसमें पंजाबी गायक युवराज हंस ने प्रस्तुति दी। उन्होंने पानी, अल्लाह सुणदा ऐ, लेख, और तेरे नैना पंजाबी गाने सुनाए। एक से बढ़कर एक प्रस्तुति से युवराज ने ऐसा समां बांधा कि सीए खुद को झूमने से रोक नहीं सके। इस दौरान उन्होंने कई फिल्मी गीत भी सुनाए।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें