दीपावली से पहले दो दिन उत्तर और दक्षिण के 40 मोहल्लों में पानी के लिए त्राहिमाम मचा रहा। कंपनीबाग रोड पर नई लाइन में दो लीकेज की वजह से यह संकट रहा। जलनिगम ने बृहस्पतिवार रात दोनों लीकेज ठीक कर दिए। बैराज प्लांट चालू कर शुक्रवार से पानी की आपूर्ति सुचारू हो जाएगी। अब त्योहार बाद मुख्य पाइपलाइन जोड़ने के लिए शटडाउन लिया जाएगा। उत्तरप्रदेश जल निगम (नगरीय) के निर्माण खंड (द्वितीय) की ओर से जेएनएनयूआरएम योजना के तहत रावतपुर तिराहा से कंपनी बाग मार्ग पर पूर्व में जीआरपी फीडरमेन बिछाने का कार्य कराया गया था। इस नई लाइन में लीकेज मिलने पर दो दिन का शटडाउन लेकर मरम्मत कराई गई है। अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार ने बताया कि यहां दो लीकेज मिले थे। बृहस्पतिवार दोपहर तक एक लाइन जोड़ दी गई जबकि दूसरी का काम रात तक खत्म कर लिया गया। इसके बाद शुक्रवार सुबह से बैराज प्लांट चालू कर दिया जाएगा और प्रभावित इलाकों में पानी की आपूर्ति शुरू हो गई।