जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार को भाटपाररानी क्षेत्र के तीन परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण कर बच्चों का शैक्षणिक स्तर परखा। कंपोजिट विद्यालय बेलपार पंडित में उन्होंने बच्चों से पाठ पढ़वाया और सवाल-जवाब किए। साथ ही ब्लैकबोर्ड पर खुद पढ़ाकर शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया। प्राथमिक विद्यालय जसूई में कार्यों में लापरवाही मिलने पर डीएम ने दो शिक्षकों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।