ईद मिलादुन्नबी पर बुधवार को दुद्धी में जुलूस-ए-मोहम्मदी पूरे शानो-शौकत के साथ निकाला गया। इस दौरान सरकार, मुख्तार, हुजूर की आमद मरहबा, नारे तकबीर अल्लाह हू अकबर और नारे रिसालत या रसूलल्लाह के नारों से माहौल गूंज उठा। हजरत नासिरे मिल्लत की अगुवाई में जुलूस सुबह करीब नौ बजे मख्तब जब्बारिया ईदगाह से शुरू हुआ। दुद्धी नगर के अलावा रामनगर, डूमरडीहा, खजूरी, बघाडू, दीघुल, पिपराही और मलदेवा समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से अकीदतमंद इसमें शामिल हुए। जुलूस कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए अमवार मोड़ तक पहुंचा। इसके बाद वापस जामा मस्जिद के पास पहुंचकर महफिले मिलाद में तब्दील हो गया। जुलूस में शामिल लोगों ने अन्य धर्मों के लोगों को गुलाब के फूल देकर आपसी एकता, भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीओ विनय प्रभाकर साहनी और कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह फोर्स के साथ मुस्तैद रहे। इस दौरान कलीमुल्लाह खान, फतेहमुहम्मद खान, राजा बाबू, टुन्नू खान, शाहनवाज खान, कौनेन अली, एजाजुल हुदा, आशिफ खान आदि मौजूद रहे।