बाराबंकी में पासी समाज के व्यक्ति की हत्या और मारपीट की घटना को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष व प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अंबेडकरनगर में समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। शहर के सर्किट हाउस में बृहस्पतिवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने अखिलेश यादव से कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहने की नसीहत देने को कहा। आरोप लगाया कि घटना के तीन दिन बाद भी सपा ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की, जबकि सरकार कार्रवाई कर चुकी है। राजभर ने सवाल उठाया कि क्या यही अखिलेश यादव का पीडीए है। उन्होंने कहा कि शिवपाल यादव ने भी ऐसे लोगों को पार्टी से निकालने की बात कही थी, लेकिन सपा की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। राजभर ने कहा कि पिछले दो-तीन महीनों में पीडीए की परिभाषा कई बार बदली गई है। अब इसमें पंडित, पिछड़ा, दलित, अग्रहरी, अल्पसंख्यक और अगड़ा को शामिल बताया जा रहा है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अब पीडीए खत्म हो गया है और पहले दर्शन, फिर आशीर्वाद की बात हो रही है। अखिलेश यादव के उत्तराखंड से जुड़े बयान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की टिप्पणी का समर्थन करते हुए राजभर ने उनकी शादी को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश की शादी उत्तराखंड की लड़की से नहीं हुई होती तो वह कुंवारे घूम रहे होते।राजभर ने अखिलेश की राजनीतिक स्थिति की तुलना सड़क से करते हुए कहा कि वह एक्सप्रेसवे से उतरकर फोरलेन और फिर एकल सड़क पर आ गए हैं। अब उन्हें समझ नहीं आ रहा कि किस रास्ते पर जाएं।