आगरा के जगनेर थाना क्षेत्र के गांव वीरभान में बृहस्पतिवार देर रात अनुसूचित जाति के युवक की बरात में डीजे पर जाति से संबंधित गाना बजाने पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि गांव के कुछ युवकों और बाहर से बुलाए गए लोगों ने बरातियों और दूल्हे के साथ मारपीट की। दूल्हे को गिराकर पीटा और गले से नोटों की माला छीन ली। मारपीट होने से बरात में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में शादी की रस्में पूरी कराई गईं। पुलिस दुल्हन के पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई कर रही है। घटना बुधवार रात करीब दस बजे की है। गांव वीरभान निवासी सुरेंद्र कुमार की पुत्री किरण की शादी थी। मलपुरा क्षेत्र के नगला प्रताप से बरात आई थी। बरात में डीजे पर जाति से संबंधित एक गाना बजाने को लेकर गांव के ही सवर्ण समाज के युवकों ने विरोध कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ युवकों ने बाहर से अन्य सजातीय लोगों को बुलाकर बरातियों और दूल्हे परमाल की पिटाई कर दी। दूल्हे के गले से नोटों की माला छीन ली। इससे बरात में अफरातफरी का माहौल हो गया। बरात में मारपीट बवाल की सूचना मिलने पर जगनेर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। पुलिस की मौजूदगी में रातभर और शुक्रवार दोपहर तक विवाह की रस्में पूरी की गईं। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे बरात की विदाई हुई। विवाद के दौरान भीड़ और गालीगलौज के वीडियो सामने आए हैं। मामले में एसीपी सुनीता चौहान ने बताया बरात निकलने के दौरान कुछ युवकों के बीच शराब के नशे में कहासुनी व मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। दुल्हन के पिता सुरेंद्र की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर सात-आठ नामजद व कुछ अज्ञात युवकों के खिलाफ एससीएसटी समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। प्रकरण की गंभीरता से जांच कर कार्रवाई की जाएगी।