शहर की सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए शनिवार को नगर निगम, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने टेढ़ी बगिया से कालिंदी विहार सौ फुटा रोड होते हुए बुद्धा पार्क तक व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे फुटपाथों और सार्वजनिक भूमि पर किए गए दर्जनों अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से ध्वस्त करा दिया गया। दुकानों के आगे अवैध रूप से लगाए गए टिन शेड, विज्ञापन पट, बोर्ड और होर्डिंग भी कार्रवाई की जद में आए। अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध निर्माण हटाए जाने से क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।