फिरोजपुर के विधानसभा हलका जीरा में अपनी बेटी के इलाज और उसकी पढ़ाई के लिए परिवार ने विदेशों में रह रहे समाजसेवियों से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है। परिवार के अनुसार, पिछले पांच वर्षों से बेटी के इलाज में घर की एक-एक पाई खर्च हो चुकी है। डॉक्टर भी उसकी बीमारी का सही पता नहीं लगा सके। हालत गंभीर होने पर उसकी जान बचाने के लिए डॉक्टरों को उसकी दोनों टांगें और एक बाजू काटनी पड़ी। पीड़ित अमनदीप कौर पढ़ाई में होनहार है। उसका सपना डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करने का था। उसने 12वीं कक्षा में 90 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण अब उसकी आगे की पढ़ाई रुकने की कगार पर है। परिवार के पास इलाज के बाद पढ़ाई की फीस भरने के लिए भी पैसे नहीं हैं। परिवार ने समाजसेवियों और विदेशों में बसे पंजाबियों से मदद की अपील की है, ताकि अमनदीप का इलाज और पढ़ाई जारी रह सके।