प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान वे देशभर के 52 राष्ट्रीय टॉपर्स को सम्मानित करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और अमौसी एयरपोर्ट से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक सुरक्षा घेरा रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत, कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले रास्ते आम लोगों के लिए बंद कर दिए गए हैं। केवल उन्हीं लोगों को गेट से एंट्री दी जा रही है जिन्हें आमंत्रित किया गया है, जबकि अन्य लोगों के आने पर रोक लगा दी गई है। इस समारोह में आईटीआई, एनएसटीआई और आईटीओटी के 52 राष्ट्रीय स्तर के टॉपर्स को उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा। यह समारोह कौशल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देने वाला एक महत्वपूर्ण मंच है। इसका उद्देश्य व्यावसायिक शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण को बढ़ावा देना है, साथ ही प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवाओं को रोजगार के अवसर दिलाने और उन्हें कामकाजी दुनिया में प्रवेश के लिए प्रोत्साहित करना भी है।