शारदीय नवरात्र की दुर्गा पूजा के समापन के बाद शहर में विसर्जन की तैयारियां जोरों पर हैं। स्वामी विवेकानंद वार्ड स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) परिसर को मूर्ति विसर्जन के लिए मुख्य केंद्रीय एकत्रण स्थल बनाया गया है। सोमवार रात से ही शहर क्षेत्र की लगभग 250 दुर्गा प्रतिमाओं को जीआईसी ग्राउंड में इकट्ठा किया जा रहा है। प्रशासन ने प्रत्येक मूर्ति को नंबर देकर व्यवस्थित रूप से रखा है ताकि विसर्जन के समय कोई अव्यवस्था न हो। विसर्जन से पहले यहां से एक विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा का रूट जीआईसी परिसर से शुरू होकर फतेहगंज, चौक, रिकाबगंज, टीवी टावर, शहादतगंज और हनुमानगढ़ी से होकर गुजरेगा। इस दौरान श्रद्धालु जय माता दी के जयकारे लगाते हुए चलेंगे। शोभायात्रा के बाद सभी प्रतिमाओं का विसर्जन निर्मली कुंड घाट पर किया जाएगा। विसर्जन स्थल पर प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। विसर्जन यात्रा को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। जीआईसी गेट तक नो-एंट्री लागू रहेगी। ऋषि टोला तिराहे से लेकर जीआईसी गेट तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। वैकल्पिक मार्ग के रूप में जीआईसी तिराहे से फतेहगंज की तरफ जाने वाले वाहनों को जीआईसी फ्लाईओवर और मकबरा तिराहे के रास्ते भेजा जा रहा है। वहीं मकबरा तिराहे से फतेहगंज जाने वाले वाहनों को पुष्पराज चौराहे की तरफ डायवर्ट किया गया है।