विधानसभा क्षेत्र बनी के दूरदराज गांव खदर -किलोरे के लोगों के लिए लंबे इंतजार के बाद सड़क सुविधा का सपना साकार होने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। करीब 80 वर्षों के इंतजार के बाद गांव तक सड़क पहुंचने की उम्मीद के बीच विधायक बनी डॉ. रामेश्वर सिंह ने सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से 16 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस सड़क के बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंचने में आसानी होगी। इस अवसर पर गांववासियों ने विधायक डॉ. रामेश्वर सिंह का ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्रित हुए और पारंपरिक तरीके से उनका अभिनंदन किया। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए इसे गांव के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। लंबे समय से सड़क सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीणों के लिए 16 किलोमीटर लंबी इस सड़क परियोजना का शुभारंभ एक नई उम्मीद लेकर आया है।